छर्रा क्षेत्र में दस दिन पहले खेत पर जा रही किशोरी से गांव के ही एक युवक ने तमंचे के बल पर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे डाला। मगर आज तक थाना पुलिस ने घटना का मुकदमा दर्ज नहीं किया। बृहस्पतिवार को पीड़ित परिवार ने एसपी देहात से शिकायत की है।
परिजनों संग आई किशोरी ने बताया कि दो अगस्त की शाम घर से खेत पर जा रही थी। रास्ते में गांव के तीन युवक मिल गए। आरोपी युवक तमंचे के बल पर किशोरी को खींचकर खेत में ले गए। वहां एक युवक ने किशोरी के साथ दुष्कर्म को अंजाम दिया।
विरोध करने पर मारपीट कर जान से मारने की धमकी दे डाली। वारदात के बाद आरोपियों के चंगुल से छूटी किशोरी घर पहुंची और आपबीती परिजनों को सुनाई। घटना के बाद पीड़ित पक्ष थाने पहुंचा तो पुलिस ने अनसुनी कर दी। आरोप है कि पुलिस ने एक आरोपी को घर से उठाया और बाद में थाने से छोड़ दिया। दस दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया। एसपी देहात डॉ. ब्रजेश सिंह ने मामले में थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।