शबाना के ससुराल और मायके वालों के बीच हुई झड़प के बाद मौजूद भीड़।
- फोटो : Amar Ujala
कोतवाली इलाके के काला महल के नामचीन जिम संचालक व स्ट्रांग मैन अलीगढ़ रहे की पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने महिला की हत्या में जिम संचालक यासीन शम्स व उसके भाइयों पर मुकदमा दर्ज किया है। वहीं जिम संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला दो मासूम बच्चों की मां थी। महिला के भाई के मुताबिक उसकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। दहेज की मांग पूरी न होने पर उन्होंने हत्या कर दी। इधर, शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
शबाना (28) पुत्री अब्दुल खालिद निवासी जंगलगढ़ी, देहली गेट का निकाह छह साल पहले कोतवाली के काला महल मोहल्ला के जिम संचालक मो. यासीन शम्स के साथ के साथ हुआ था। शबाना के भाई आबिद के अनुसार निकाह के बाद से ही ससुराल वाले उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। कई बार परिवार वालों ने उन्हें समझाने की कोशिश की, मगर वह नहीं माने। इस दौरान दो बच्चे (एक लड़का और एक लड़की) भी हो गए, लेकिन उनका उत्पीड़न कम नहीं हुआ। आबिद के मुताबिक गुरुवार शाम को बहन की ससुराल के पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने फोन करके बताया कि शबाना को उसके पति और दो भाइयों ने मिलकर मार दिया है। उसे जेएन मेडिकल कालेज लेकर गए हैं।
सूचना पर परिजन मेडिकल कालेज पहुंचे। वहां बहन मृत हालत में पड़ी मिली। उसके गले पर चोट और घोंटने जैसे निशान बने हुए थे। इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। मामले की तहरीर पुलिस को दे गई है। कोतवाली इंस्पेक्टर के अनुसार आबिद की तहरीर के आधार पर शबाना के पति मो. यासीन शम्स, जेठ अनीस और देवर सलीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम में भी गला घोंटकर हत्या की बात सामने आई है। फिलहाल पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी की तैयारी है।
पोस्टमार्टम हाउस पर मारपीट
पोस्टमार्टम हाउस पर सैकड़ों की संख्या में लड़की पक्ष के लोग पहुंचे हुए थे। इधर, मृतका के भाई आबिद की तहरीर पर पुलिस ने उसके पति यासीन को हिरासत में ले लिया था। इससे गुस्साए लड़का पक्ष के आधा दर्जन लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। वहां दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। लड़की पक्ष के लोगों ने सभी को दौड़ा दिया। काफी देर तक वहां हंगामे की स्थिति बनी रही। इसके बाद सूचना पर 100 डायल पुलिस पहुंची। पोस्टमार्टम होने तक पुलिस एहतियातन वहीं तैनात रही।