थाना क्षेत्र के गांव गुर्जनगरिया में रविवार की सुबह दहेज के लिए एक विवाहिता की हत्या कर दी गई। सुबूत मिटाने के लिए शव जलाने के बाद ससुराल वाले फरार हो गए। पुलिस ने चिता से हड्डी व राख आदि एकत्र किया है, जिसे जांच के लिए भेजा जाएगा। पति समेत छह ससुराल वालों के खिलाफ दहेज के लिए हत्या की रिपोर्ट दर्ज हुई है।
गुर्जनगरिया गांव निवासी पुनीत पुत्र पप्पू का विवाह करीब सात साल पहले थाना टप्पल के गांव नागल खुर्द निवासी 26 वर्षीय रश्मि पुत्री राजवीर सिंह के साथ हुई थी। पुनीत अपनी पत्नी, बेटी कंचन, पुत्र दीपांशु व कान्हा के साथ ग्रेटर नोएडा में रहते थे। कान्हा की उम्र एक वर्ष है। ग्रेटर नोएडा के एलजी चौक पर पुनीत की कान्हा डेयरी है। परिवार में सरनाम सिंह की बेटी की शादी में 18 मई को तीनों बच्चों को नोएडा में छोड़कर पति-पत्नी रात नौ बजे गांव आए थे।
रविवार की सुबह दुल्हन की विदाई के बाद रश्मि गांव में बने अपने घर पहुंच गई। आरोप है कि उसी दौरान रश्मि की हत्या कर श्व जला दिया गया और आरोपी मौके से भाग गए। मृतका के भाई जितेंद्र सिंह के अनुसार सुबह पहले रश्मि के गंभीर रूप से बीमार होने की सूचना दी गई। थोड़ी देर बाद फोन आया कि रश्मि की मौत हो गई है। सूचना पर थाना प्रभारी अजब सिंह मौके पर पहुंचे तो वहां चिता की राख पड़ी थी। परिजन फरार थे।
मायके वालों का आरोप है कि दहेज में बाइक व तीन लाख रुपये के लिए रश्मि से मारपीट की जाती थी। रविवार को रश्मि की हत्या कर सुबूत मिटाने के लिए शव जला दिया गया। भाई ने पति पुनीत, सास नेमवती देवी, ननद आरती, देवर अजीत, जेठ दुर्गेश व चचिया ससुर भरत सिंह पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उधर पुलिस ने चिता से हड्डी व राख एकत्र कर सुरक्षित की है। इसे जांच के लिए भेजा जाएगा ताकि रश्मि के शव की पुष्टि हो सके। थाना प्रभारी अजब सिंह के अनुसार मृतका के ससुर पप्पू सिंह के बारे में पड़ोसियों से पता चला है कि एक्सीडेंट होने से उसकी दोनों टांगे टूट गई हैं। किसी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी जानकारी की जा रही है। आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।