गांव उसरम से आठ दिन से लापता फौजी के ढाई वर्षीय बेटे कनिष्क का शव घर के पास स्थित एक तालाब में उतराता हुआ मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक उसकी हत्या गला दबाकर की गई थी। पुलिस का कहना है कि यह शव एक-दो दिनों के अंदर ही यहां लाकर डाला गया है, क्योंकि पहले भी इस तालाब में तलाशी ली गई थी। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है।
गांव उसरम निवासी सोहनलाल नौसेना में लीडिंग पेट्रोलमैन के पद पर कार्यरत हैं। इन दिनों वह छुट्टियों पर गांव आए हुए थे। बीती नौ फरवरी की सुबह घर के बाहर खेल रहा उनका ढाई वर्षीय बेटा कनिष्क अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने काफी तलाश किया, परंतु उसका कोई सुराग नहीं लगा। अपहरण की आशंका व्यक्त करते हुए परिजनों ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। रविवार की सुबह गांव के कुछ लोगों ने एक बालक का शव गांव के एक तालाब में उतराता दिखाई देने पर पुलिस व परिजनों को सूचना दी। उन्होंने शव की शिनाख्त की। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले पर निशान मिलने और दम घुटने से बच्चे की मौत होने की बात कही गई है।
पिता सोहनलाल ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। नौ दिन तक कनिष्क व आरोपियों का सुराग लगाने में नाकाम रही खैर पुलिस के खिलाफ ग्रामीणों व परिजनों में रोष व्याप्त है। अब पुलिस मामले को हत्या की धाराओं में तरमीम कर कार्रवाई की बात कह रही है। एसएसआई पवन कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम में हत्या का कारण गला दबाने से आया है। हत्या की धाराओं में मामले को तरमीम कर घटना की जांच की जायेगी। हत्यारे किसी भी दशा में नहीं बचेंगे।