छेड़छाड़ को लेकर कोतवाली में सीओ राज कुमार से नोकझोंक कर हंगामा करते भाजपा नेता
- फोटो : रुपेश
देहली गेट के मोहल्ला सराय मियां में दुकान पर बैठी एक नवविवाहिता को दुकान से खींचने का प्रयास किया गया। इसको लेकर जमकर टकराव और पथराव हुआ। बाद में थाने पर जबरदस्त हंगामा हुआ। चूंकि आरोपी दूसरे समुदाय के लोग थे इसलिए थाने पर हिंदूवादी संगठनों के नेता और महापौर शकुंतला भारती भी पहुंची। बाद में भाजपाई कोतवाली भी पहुंचे और जमकर हंगामा किया।
पुलिस के मुताबिक सराय मियां में हरिजन क्वार्टरों में रहने वाली एक युवती की शादी कुछ दिनों पहले ही हुई थी। वह इन दिनों अपने मायके में आई हुई थी। वह शुक्रवार को अपने पिता की प्रोविजन स्टोर की दुकान पर बैठी हुई थी। उसी समय तीन युवक दुकान पर आए और कोल्ड ड्रिंक्स मांगी। युवती ने बताया कि जैसे ही उसने कोल्ड ड्रिंक्स दी तो युवक ने हाथ पकड़ लिया। जब इसका विरोध किया तो युवक ने खींचने का प्रयास किया। इस पर युवती ने शोर मचा दिया।
शोर सुनकर घर और पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए। युवकों ने खुद को मारने और हमला बोलने की बात कहते हुए शोर मचा दिया। इस पर दूसरे समुदाय से भी लोग इकट्ठा होकर मौके पर आ गए। इस पर दोनों पक्षों में टकराव हो गया और लाठी डंडों के साथ ही पथराव भी हो गया। इसमें कुछ लोग चुटैल भी हुए हैं। टकराव और हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद ही दोनों पक्ष अलग हुए। बाद में युवती पक्ष के लोग थाने पहुंच गए।
सूचना पर भाजपा और हिंदूवादी संगठनों के नेता सहित महापौर शकुंतला भारती भी थाने पहुंच गई। यहां से सभी लोग कोतवाली भी पहुंचे और हंगामी स्थिति रही। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि वह आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। इसके बाद ही मामला शांत हुआ।