कस्बा के मोहल्ला लोधी नगर निवासी मुंशीलाल का 28 वर्षीय बेटा सुशील कुमार छर्रा-अतरौली मार्ग स्थित मंडी परिसर से आगे अपने खेत पर शनिवार की सुबह 5 बजे साइकिल से जा रहा था। मंडी से आगे सामने से आ रही मैक्स गाड़ी ने उसको टक्कर मार दी। जिससे उसकी घटना स्थल पर मौत हो गई। मोहल्ला वासियों ने बताया कि मैक्स गाड़ी जिसमें आलू भरा हुआ था, टक्कर मारकर गड्ढे में जा फंसी।
ट्रैक्टर मंगा कर आलू को मंडी पहुंचाया और फंसी गाड़ी को बाहर निकाला, लेकिन गाड़ी का पहिया खराब होने के कारण गाड़ी आगे न जा सकी। गाड़ी को छोड़कर चालक भाग गया। इतना सब होने के बाद भी किसी ने सुशील के घर सूचना नहीं दी। मोहल्लेवासियों को किसी माध्यम से सूचना मिलने पर शव को वहां से उठाकर अतरौली चौराहे पर रखकर आक्रोशित भीड़ ने जाम लगा दिया। नारेबाजी करते हुए हत्या का आरोप लगाया।
छर्रा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार चाहर और तहसीलदार अतरौली विश्वनाथ सिंह के समझाने पर आक्रोशित भीड़ ने दो घंटे बाद जमा खोल दिया। जाम के बाद कई थानों की फोर्स की मौके पर पहुंच गई। मृतक के भाई दिनेश ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट अंकित कराई। मृतक अपने पीछे पत्नी के अलावा दो छोटे बच्चों को छोड़ गया।