महानगर से सटे जीटी रोड के गांव भीकमपुर में मंगलवार दुपहर 6 साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई। कई घंटे से लापता बच्ची की लाश और उससे कुछ दूरी पर नशे की हालत में पड़े मिले आरोपी को देख भीड़ बिफर गई और आरोपी को वहीं दबोचकर जमकर पीटा गया।
बमुश्किल पुलिस ने आरोपी को बचाकर नाजुक हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। इस दौरान भड़की भीड़ ने बच्ची का शव काफी देर तक नहीं उठने दिया और शव उठाकर ले जा रही पुलिस की जीप घेरकर शव छीनने व जाम लगाने की कोशिश की। आरोपी बदायूं का निवासी बताया जाता है।
गांव भीकमपुर परिवार की गांव के बाहर ही जीटी रोड पर दुकान है।
नगला कलार बनते-बनते बचा भीकमपुर
महानगर के बन्नादेवी क्षेत्र के जीटी रोड पर सारसौल से आगे बसे गांव भीकमपुर में मंगलवार को वर्ष 2013 के राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित नगला कलार कांड की पुनरावृत्ति होने से बच गई। उस वारदात में भी इसी तरह दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या हुई थी और बवाल हुआ था। वह तो गनीमत कि आज पुलिस-प्रशासनिक टीम ने सूझ बूझ का परिचय दिया। वरना यहां भी उस समय बड़ा बवाल हो सकता था, जब पुलिस शव को जबरन लेकर चलने लगी और लोगों ने पुलिस की गाड़ी रोककर शव पुलिसकर्मियों से छीनने की कोशिश की। बाद में विधायक इगलास राजवीर दिलेर और विधायक खैर अनूप वाल्मीकि ने भी मौके पर पहुंचकर और पुलिस के पास पहुंचकर लोगों को समझाते हुए ठोस कार्रवाई पर जोर दिया।
आरोपी को मौके पर ही पब्लिक दबोचकर पीट रही थी, जिसे बचा लिया गया। पब्लिक को समझाकर शांत किया है। आगे की कार्रवाई जारी है। बच्ची की दशा देखकर प्रथम दृष्टया दुष्कर्म से इंकार नहीं किया जा सकता।
-अतुल श्रीवास्तव एसपी सिटी