दादों से पशु खरीदकर मीट फैक्ट्री ला रहे मैक्स सवार पशु कारोबारियों को कार सवार बदमाशों ने अगवा कर लाखों रुपये कीमत के पशु लूट लिए। उन्हें हाथ-पैर बांधकर महरावल के पास सड़क किनारे फेंक दिया। घटना के बाद किसी तरह पीड़ित कारोबारी थाने पहुंचे। मगर सीमा विवाद के नाम पर उन्हें पुलिस ने टहला दिया। इस मामले में सोमवार को पीड़ितों ने एसएसपी से मुलाकात कर शिकायत की।
दादों निवासी पशु कारोबारी परवेज अहमद रविवार की शाम दादों से पांच पशु खरीदकर मैक्स गाड़ी में लोधा इलाके की मीट फैक्ट्री ला रहा था। मैक्स को रमेश चला रहा था। बताते हैं कि देर रात वे जब गांधीपार्क के कमालुपर रोड पर पहुंचते तो लाल रंग की कार में सवार चार युवकों ने ओवरटेक कर मैक्स को रोक लिया।
फिर दो बदमाश कार से उतरे और हथियार के बल पर रमेश और परेवज के हाथ-पैर बांध कर कार में डाल लिया। विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। इस बीच दो बदमाश पशुओं से भरी मैैक्स लेकर फरार हो गए। जबकि आधी रात तक दोनों को कार में घुमाने के बाद महरावल के पास सड़क किनारे फेंककर बाकी बदमाश भी भाग गए। लूटे गए पशुओं की कीमत डेढ़ लाख रुपये के करीब बताई गई है।
तड़के किसी तरह हाथ-पैर खोलकर जब दोनों गभाना थाने पहुंचे तो वहां के पुलिस कर्मियों ने उन्हें घटना स्थल गांधीपार्क बताकर चलता कर दिया। न्याय न मिलने पर पीड़ित कारोबारी कोल विधायक हाजी जमीरउल्लाह खां के साथ एसएसपी लव कुमार से मिले और आपबीती सुनाई। उन्होंनेे मामले को गंभीरता से लेते हुए इंस्पेक्टर गांधीपार्क कोमल सिंह को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।