बदमाशों ने बस से उतार कर सेल्समैन को लूटा
- फोटो : Amar Ujala
छर्रा-अतरौली मार्ग पर छबीलपुर-भुडिया के पास हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक को बस से उतार कर उसके साथ लूटपाट की। लूटपाट की घटना को बस में बैठे सभी लोग देखते रहे। बदमाश युवक से करीब 93 हजार रुपये लूट ले गए। पीड़ित का आरोप है कि बदमाशों के जाने के बाद 100 नंबर पर डायल किया, लेकिन फोन नहीं उठा।
गांव बरौली निवासी 25 वर्षीय विजय कुमार पुत्र हरी सिंह छर्रा के मैसर्स पूजा धूपवती एवं अगरबत्ती के यहां सेल्समैन है। मंगलवार की सुबह वह अतरौली दुकानदारों से वसूली करने के लिए गया था। वह वसूली करने के बाद अतरौली से दोपहर करीब 2 बजे छर्रा के लिए बस में बैठा। एक बदमाश छबीलपुर से बस में चढ़ा, जबकि उसके दो साथी दो मोटर साइकिल पर लालाराम श्री देवी इंटर कॉलेज के मोड़ पर आकर खड़े हो गए।
बस में बैठे बदमाश ने मोड़ पर बस रुकवा कर सेल्समैन को अपने गिरफ्त में ले लिया और उसके सर पर बट मारते हुए उसको बस से बाहर फेंक दिया। उसके दो साथी बहार खड़े थे। तीनों हथियारबंद बदमाशों ने बटो से सेल्समैन विजय कुमार को लहूलुहान कर उससे 93 हजार रुपये से भरा बैग लूट लिया। लूटपाट करने के बाद तीनों बदमाश अतरौली की ओर भाग गए। हद की बात तो यह है कि गाड़ी में बैठी लगभग 50 सवारियों और बस चालक-परिचालक तमाशाबीन बने रहे और किसी ने भी शोर नहीं मचाया।
बदमाशों के भागने के बाद सवारियों ने 100 नंबर डायल किया, लेकिन घंटी बार-बार बजती रही फोन नहीं उठा। पीड़ित ने कस्बा में आकर पुलिस को सूचित किया, पहले तो पुलिस ने मारपीट की घटना बताकर मामला रफा-दफा करने की कोशिश की, लेकिन कस्बावासियों के दबाव के चलते पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और चालक-परिचालक, बस की सवारियों के साथ और सेल्समैन से पूछताछ की। सेल्समैन ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पीड़ित विजय कुमार की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई और घायल का डॉक्टरी परीक्षण कराया है।