हरदुआगंज थाने के गांव जलाली में शुक्रवार को अपराह्न करीब 3 बजे दो साल की मासूम को दरिंदे ने अपना शिकार बनाया। घर पर खाना खाने पहुंची अकेली बच्ची से दुराचार कर भाग निकला। कुछ दूरी पर हैंडपंप से कपड़े धोकर घर पहुंची मां के लहूलुहान बेटी को देख होश उड़ गए। वह जोरों से चीख पड़ी। आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। घायल बच्ची को लेकर महिला सहित लोग थाने पहुंचे। थाना पुलिस दो युवकों को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार जलाली कस्बे की एक महिला शुक्रवार अपराह्न तीन बजे घर से करीब डेढ़ सौ मीटर दूर हैंडपंप पर कपड़े धोने गई थी। उसके चार बच्चे हैं। बड़ी बेटी रिश्तेदारी में गई है। दो बच्चे घर से दूर कहीं खेल रहे थे। 2 साल की मासूम को वह अपने साथ हैंडपंप पर ले गई थी।
वहां मासूम ने भूख लगने की बात कही तो उसने खाना खाने के लिए घर भेज दिया और खुद कपड़े धोती रही। करीब एक घंटे बाद वह घर पहुंची तो लहूलुहान हालत में मासूम घर पर पड़ी थी। बेटी की यह हालत देख बदहवाश हालत में वह चीखने चिल्लाने लगी। लोगों की भीड़ लग गई। मुहल्लेवासियों के साथ वह जलाली चौकी पहुंची जहां से थाने भेज दिया गया। सीओ अतरौली विजेंद्र द्विवेदी ने भी मौका मुआयना कर ग्रामीणों से जानकारी ली।