थाना मडराक के गांव मुकंदपुर में 35 दिन पूर्व हुई युवती काी हत्या का खुलासा कर दिया है। युवती ने आरोपी पर शादी का दबाव बनाया तो प्रेमिका का पहले तकिये से गला घोंटा और फिर उसको चाकू से गोद दिया।
सीओ पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि थाना मडराक के गांव मुकंदपुर निवासी कुमारी दीप्ति पुत्री रामप्रकाश की 24 जुलाई की रात को चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। इस घटना के संबंध में मृतका के पिता की ओर से अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना की विवेचना कर रहे थाना प्रभारी राजवीर सिंह ने सर्विलांस टीम की मदद से आरोपी बबलू उर्फ विनोद पुत्र केशोपुर थाना हाथरस जंक्शन को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी ने बताया कि वह मुकंदपुर में टावर पर ही नौकरी करता था। मृतका के चाचा की ससुराल उसके गांव में ही है। नौकरी करने के दौरान मृतका के घर पर आना-जाना हो गया। धीरे-धीरे मृतका से नजदीकी बढ़ गईं। मृतका की मां का दो वर्ष पूर्व एक्सीडेंट हो गया था। इस दुर्घटना में इलाज के लिए एक लाख रुपये भी दिए थे। उपचार के दौरान मां की मौत हो गई। आरोपी का घर पर आना-जाना बना रहा और उसके मृतका से संबंध गहरे हो गए।
14 जुलाई को मृतका ने फोन करके आरोपी को घर पर बुलाया और बहाना करते हुए कहा कि दिल्ली में मामा के घर चलना है। दिल्ली में चार दिन तक होटल में रहे। मृतका के परिजनों को प्रेम संबंध में भनक लगी तो उन्होंने मृतका की तहेरी बहन के देवर के साथ ग्राम क्योली थाना अर्निया बुलंदशहर में शादी तय कर दी। मृतका क्योली में अपने रिश्ते को नहीं चाहती तथा आरोपी पर शादी के लिए दबाव बनाया।
आरोपी के दो बड़े भाइयों की शादी नहीं हुई है। इस कारण परिवार वालों ने शादी से मना कर दिया। इन हालातों में 24 की रात को वह चुपचाप मृतका के घर पर आया और उसने मृतका के मुंह पर तकिया रखकर उसका दम घोंट दिया। चाकू से प्रहार कर हत्या करने के बाद चाकू को गांव में तालाब के पास फेंक दिया था। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।