मडराक थाना क्षेत्र में मथुरा रोड पर 14 मार्च की देर रात दंपति से लूट के दौरान पत्नी की गोली मारकर हत्या की वारदात लूट नहीं, बल्कि एक साजिश ही निकली। यह साजिश उस महिला के पति ने रची जिसकी मौका-ए-वारदात पर हत्या हुई और खुद लूट का शोर मचाते हुए हमले में घायल होने का नाटक रच मेडिकल कॉलेज में भर्ती हो गया। पुलिस ने हत्यारोपी पति व उसके एक साथी को गिरफ्तार कर इस साजिश से पर्दा उठा दिया है। हत्या को पति ने पत्नी की हरकतों से तंग आकर अंजाम दिलाया था। इस हत्याकांड में अभी एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव ने रविवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता में बताया कि मथुरा रोड बाईपास स्थित गंदा नाला बढ़ौली फतेह खां के सामने 22 वर्षीय शाहरुन पत्नी अफसर निवासी कमालपुर थाना गांधी पार्क अलीगढ़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मौके से पति ने ग्रामीणों की मदद से पुलिस को यह सूचना दी कि हम दोनों को 50 हजार रुपये लूटने के लिए बदमाशों ने घेरा। इस दौरान हमले में उसे जख्मी कर दिया, जबकि उसकी पत्नी को मार गए।
वहीं इस मामले में शाहरुन के मायके वालों ने पति आदि ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगा दिया। इसके बाद पुलिस ने जब जांच शुरू की तो पता चला कि अफसर अपनी पत्नी के चाल-चलन व व्यवहार से बेहद परेशान था। 5 साल पहले शादी हुई और एक बच्चा हुआ, जिसका इंतकाल हो गया। इसके बाद वह हर समय बात-बात पर झगड़े पर आमदा रहती थी। इसी पर उसने अपनी पत्नी की हत्या की साजिश रची। उसने तय किया कि 11 मार्च को चेचेरे भाई की शादी में वह मायके सतलौनी इगलास जाएगी। वहां से वापसी में रास्ते में उसका काम तमाम कर दूंगा।
इसके लिए उसने अपने साथी बबलू पुत्र भूरे खां निवासी कमालपुर थाना गांधी पार्क हाल निवासी मोहल्ला इस्लामनगर सादाबाद व बबलू के साथी सरफुद्दीन उर्फ लहेेटू निवासी इस्लामनगर सादाबाद साजिश में शामिल किया। तय हुआ कि 14 मार्च को वहां से लौटते समय बबलू व सरफुद्दीन अफसर दंपति को लूटने का उपक्रम करेंगे और इसी दौरान शाहरुन की हत्या कर दी जाएगी। इसी साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया और वारदात के बाद बबलू व सरफुद्दीन हत्या के बाद अफसर दंपति के कपड़ों का बैग लूट ले गए।
अफसर को जब यकीन हो गया कि उसकी पत्नी मर गई तो उसने रोने व चिल्लाने का नाटक शुरू कर दिया। बाद में ग्रामीण आ गए तो पुलिस को सूचना देकर खुद मेडिकल कॉलेज में जाकर भर्ती हो गया। इस हत्याकांड में अफसर व उसके साथी बबलू को गिरफ्तार कर लिया है, लूटा गया कपड़ों का बैग भी बरामद हो गया है। सफरुद्दीन अभी फरार है। इस सफलता में सीओ इगलास आलोक सिंह व इंस्पेक्टर संजीव दुबे की भूमिका पर एसएसपी ने उन्हें शाबासी दी है।
इसके बाद होनी थी बबलू की बीवी की हत्या
तय साजिश के तहत अफसर की तरह बबलू भी अपनी पत्नी से तंग आ चुका था। जब अफसर ने उसके सामने अपना प्लान रखा तो बबलू ने तय किया कि पहले तेरी बीवी का कत्ल करेंगे और उसमें सफल होने व पुलिस से बच जाने पर तू मेरी बीवी के कत्ल में मदद करेगा। मगर शुक्र है ऊपर वाले का कि समय से पुलिस ने दोेनों को गिरफ्तार कर लिया। वरना बबलू भी अपनी पत्नी की हत्या की प्लानिंग बना चुका था।