महिला संबंधी अपराध के मामले में पुलिस को तमाम हिदायतों के बाद भी पुलिस अपनी आदत से बाज नहीं आती। ऐसा ही क्वार्सी का एक मामला है, जिसमें आरोपी नवविवाहित युवती, उसकी किशोरी ननद और दो बच्चों को अगवा कर ले गया। पुलिस ने महज एनसीआर दर्ज कर पीड़ित परिवार को टरका दिया।
अब मदद के लिए बुजुर्ग दंपति दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। आरोप है कि पीड़ित से थाने में ही किसी दलाल ने मदद के नाम पर 15 हजार रुपये तक ठग लिए। तीन माह में कोई भला होने के बजाय पीड़ित परिवार को धमकियां और मिल रही हैं।
जाकिर नगर निवासी नूर मोहम्मद के बेटे बबलू की 20 वर्षीय पत्नी राजिया, 15 वर्षीय बेटी सना, दो छोटे बच्चों को लेकर 3 नवंबर को किसी काम से मोहल्ले में ही जा रही थी।
इसके बाद वह नहीं लौटी। खोजबीन हुई तो पता चला कि इन चारों को मोहल्ले का ही शानू नाम का युवक ले गया है। पीड़ित पक्ष थाने पहुंचा और पुलिस ने इन चारों के अपहरण की रिपोर्ट एनसीआर में दर्ज कर औपचारिकता पूरीकर ली।
उस समय तो परिजन चले आए। मगर जब बाद में पुलिस से प्रगति जानने के लिए पहुंचे तो उन्हें बुरी तरह फटकार कर भगा दिया। इसके बाद पीड़ितों ने अधिकारियों के चक्कर लगाना शुरू कर दिया। तीन माह में अनगिनत बार अधिकारियों से मिल चुके। इस बीच एक दलाल ने थाने में ही 15 हजार रुपये ले लिए। मगर कोई भला नहीं हुआ।