फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एनआरआई दंपती की कार से टप्पेबाजों ने बैग उड़ाए

Wed, 25 Apr 2018 01:56 AM IST
क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
विज्ञापन
लूट का शिकार एनआरआई दंपती। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
महानगर से सटे नादा पुल के पास मंगलवार दोपहर टप्पेबाजों ने आस्ट्रेलिया में रहने वाले भारतीय मूल के इंजीनियर दंपती की कार से दो बैग पार कर दिए। अचानक बैगों को गायब देख उनके होश उड़ गए। बाद में वे थाने से तहरीर की रिसीविंग लेकर दिल्ली रवाना हो गए।
विज्ञापन


क्वार्सी थाने के अंतर्गत राज्य कर्मचारी कॉलोनी निवासी इंद्रपाल शर्मा के बेटे मनीष उर्फ मोनू आस्ट्रेलिया के शहर सिडनी में आईटी कंपनी में और उनकी पत्नी निधि शर्मा वहां की रेलवे में बतौर इंजीनियर कार्यरत हैं। उनके दो बेटे आहन व आरव भी हैं। 18 अप्रैल को उनके उत्तराखंड निवासी मामा के बेटे की दिल्ली में शादी थी। जिसमें शामिल होने के लिए मनीष पूरे परिवार के साथ छुट्टी लेकर आए थे। आते समय वह सिंगापुर भी घूमते हुए आए। शादी के बाद वह दो-तीन दिन अपने घर अलीगढ़ रुककर मंगलवार को सपरिवार आस्ट्रेलिया वापस जा रहे थे। उन्हें दिल्ली से फ्लाइट पकड़नी थी, इसलिए वह पलवल होकर जा रहे थे। 

कार पूर्वाह्न करीब 11.30 बजे नादा पुल से आगे खेरेश्वर चौराहे के पास पहुंची, तभी एक बाइक पर सवार दो युवकों ने उनके ड्राइवर की ओर कार से तेल का रिसाव होने और बोनट पर तेल पड़ा होने का इशारा किया। बाइक सवार तो आगे चले गए, मगर ड्राइवर ने कार रोक ली। इसके बाद ड्राइवर व मनीष कार से उतरकर तेल साफ करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इसी बीच एसी बंद होने के कारण निधि को कोई अजीब सी गंध आने पर उल्टी का आभास हुआ। इस पर वह बेटों को लेकर कार से उतर गईं। इसी बीच किसी ने कार में एक साइड में रखे दो बैग गायब कर दिए। बैग गायब देख दंपती हैरत में पड़ गए।
विज्ञापन


उनके अनुसार एक बैग में कपड़ों के अलावा कुछ जेवरात, दूसरे बैग में 45 हजार रुपये नकद के अलावा 250 सिंगापुर के डॉलर (करीब 12545 भारतीय रुपये), 200 आस्ट्रेलियन डॉलर (करीब 12630 भारतीय रुपये), घर की चाभियां, चेकबुक, डेबिट व क्रेडिट कार्ड, भारतीय वीजा की हार्ड कॉपी, एक आईफोन एस-5 व अन्य सामान चला गया। सूचना पर लोधा पुलिस व एएसपी/सीओ गभाना नीरज जादौन मौके पर पहुंच गए। पीड़ितों को चूंकि दिल्ली पहुंच कर फ्लाइट पकड़नी थी। इसलिए वह तहरीर देकर व उस पर थाने की रिसीविंग लेकर दिल्ली रवाना हो गए। वहां उन्हें आस्ट्रेलियन दूतावास से नए पासपोर्ट आदि जारी कराने होंगे। इसके बाद ही वह आस्ट्रेलिया रवाना होंगे।

पीड़ित को फ्लाइट पकड़ने व पासपोर्ट बनवाने की जल्दी थी, इसलिए वह तहरीर की रिसीविंग देकर चले गए। पहले लूट की सूचना प्रसारित हुई थी, मगर प्रत्यक्षदर्शियों व पीड़ित के माता-पिता से बातचीत में चोरी करना उजागर हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। - नीरज जादौन, सीओ गभाना।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें