थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर गांव में 23 दिन की नवजात को कुत्ता उठाकर ले गया। अचानक नवजात के लापता होने से परिवार में कोहराम मच गया। तीन साल की बेटी ने बताया कि कुत्ता नवजात को ले गया तो परिजन उसकी तलाश करते हुए गांव से 100 मीटर दूर नहर पटरी पर पहुंचे जहां नहर किनारे नवजात का शव देखकर सभी बिलख पड़े।
सिकंदरपुर निवासी संजय शर्मा पुत्र महाराज सिंह ने बताया कि मंगलवार की सुबह वह तालानगरी में मजदूरी करने चले गए थे। दो बड़ी बेटियां मोहिनी शर्मा व यामिनी शर्मा स्कूल गई थीं। घर पर पत्नी मधु के साथ ही दो छोटी बेटियां जान्हवी और अन्नपूर्णा व 23 दिन पूर्व जन्मी बेटी हिना थी।
दोपहर करीब 12 बजे पत्नी छत पर कपडे़ सुखाने गई इसी दौरान उनकी नवजात बेटी हिना लापता हो गई। छत से नीचे आने पर पत्नी ने हिना के बारे में पूछा तो तीन वर्षीय जान्हवी ने बताया कि हिना को कुत्ता उठाकर ले गया है। कुत्ते की बात सुनकर मधु ने शोर मचाना शुरू किया दिया। ग्रामीण आए तो उन्हें बताया।
गांव वाले काफी देर तक गलियों की खाक छानते रहे। डेढ़ घंटे बाद नहर में नहा रहे बच्चों ने नवजात के पानी में पड़े होने की सूचना गांव में दी। लोग भागकर पहुंचे और पानी से शव निकाला लेकिन नवजात की मौत हो चुकी थी। उसकी मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था।