डग्गामार बस का टूटा फर्श, िजससे मासूम नीचे जा िगरा।
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली के गांव नहल के पास डग्गामार बस के टूटे फर्श से नीचे गिरकर कुचलने से सोमवार को दोपहर बाद करीब एक बजे दो साल के एक मासूम की मौत हो गई। पीड़ित परिवार रिश्तेदारी में होने वाली शादी में शामिल होने पालीमुकीमपुर थाने के गांव दूधमा जा रहा था।
हादसा होते ही बस में मौजूद मां, बहनों समेत अन्य यात्रियों ने शोर मचाना शुरू किया तो बस खड़ी कर चालक, परिचालक भाग निकले। पुलिस ने बस मालिक, चालक एवं परिचालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
मासूम युवराज पुत्र उदयवीर सिंह अपनी मां दुर्गेश, बहन मोना (8), नैना (6) एवं मौसेरे भाई मोहित (8) के साथ एक शादी में शामिल होने पालीमुकीमपुर थाने के गांव दूधमा जा रहा था। दुर्गेश के बहनोई अजयपाल सिंह निवासी दूधमा के भाई रतन सिंह की बेटी ममता की सोमवार को शादी थी। इसी शादी में उन्हें शामिल होना था।
दुर्गेश देवी चारों बच्चों के साथ नोएडा से बाढ़ौल के लिए चलने वाली डग्गामार बस में बैठी थी। इस बस में सीट के नीचे फर्श टूटा था। सीट पर बैठा युवराज गांव नहल के पास चलती बस में लगे झटकों के चलते सीट से फिसला और टूटे फर्श से सीधे सड़क पर जा गिरा। बस का पिछला पहिया उस पर चढ़ गया। इससे तत्काल उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही कोतवाल उत्तमचंद पटेल, नहल हल्का इंचार्ज चौ. बलवीर सिंह, एसआई रितु तोमर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया।