नौ साल की मासूम बच्ची से उसके ही तहेरे भाई ने दुष्कर्म कर डाला। इस किशोरवय आरोपी के साथी दो किशोर इस दौरान वहीं पीड़िता को घेरे खड़े। मामले की रिपोर्ट लिखाने के लिए पिता जब थाने के लिए चला तो आरोपी के परिजनों ने गांव में पंचायत बुलाकर पीड़िता के परिवार को एक दिन गांव से बाहर ही नहीं निकलने दिया। गुरुवार को इस मामले की रिपोर्ट इगलास कोतवाली में दर्ज हुई है।
बताते हैं कि बुुधवार को नौ साल की इस बच्ची को तीन किशोर समीप ही खाली पड़े घर में खींच ले गए। तहेरे भाई ने रेप किया जबकि उसके दो साथी वहीं खड़े रहे। इन आरोपियों की उम्र 14 से 15 वर्ष के बीच है। बच्ची ने जब दरिंदगी का विरोध किया तो रेप के आरोपी ने उसके माता-पिता की हत्या कर देने की धमकी दी, जिससे वह सहम गई।
बच्ची ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बच्ची के परिजनों ने आरोपी के माता-पिता से शिकायत की तो जेठानी ने आरोपी किशोर को दो-चार थप्पड़ मारकर मामला रफा-दफा करने के लिए कहा।
इसके बाद माता-पिता पीड़िता को लेकर थाने के लिए निकले तो आरोपी के परिवार ने गांव के लोगों को बुलाकर पंचायत शुरू कर दी। मामूली बात बताते हुए बदनामी न फैलाने का दबाव बनाने लगे। पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया है। आरोपी किशोर फरार हैं।