विद्युत तार टूटने से भैंस मरी, प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
जवां। गांव ऊसरगंज पिलौना में एलटी लाइन का तार टूटन से एक भैंस की मौत हो गई। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने जेई के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि जहीर खां पुत्र अब्दुल रहमान की कई भैंस मकान के सामने एक पेड़ के नीचे बंधी हुईं थीं। उसी के पास एलटी लाइन का पोल भी है। बा भी लगा था। बिजली का तार टूटकर पोल से टकरा गया जिससे उसमें करंट गया। नीचे बंधी भैंस पोल की चपेट में आ गई और भैंस की मौत हो गई। वहीं पास में सत्तार खां को भी करंट लगा।
इसी दौरान तेज आंधी आने के कारण बिजली चली गई। ग्रामीणों ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम और विद्युत विभाग के जेई रजनीकांत को दी गई लेकिन कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने विद्युत विभाग और जेई के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि पूरे क्षेत्र में बिजली के तार जर्जर हो चुके हैं, इसलिए आए दिन तार टूटने की घटनाएं होती रहती हैं। जेई का कहना है कि किसान अपने मवेशी बिजली के पोल से बांधते हैं। ऐसे में हादसा होने पर विभाग जिम्मेदार नहीं है। विरोध जताने वालों में फारूख खां, शकील, बाबू खां, मनीषा, अनीषा मुन्नी, जरीन, नाजरीन आदि मौजूद थे।