हरदुआगंज थाना क्षेत्र के गांव कलाई में एक परचून दुकानदार की शनिवार रात करीब साढे़ नौ बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताते हैं कि घर के अंदर खाना खा रहे दुकानदार को सिगरेट लेने के लिए बुलाया गया। सिगरेट लेने के बाद ही हत्या कर दी गई। चर्चा है कि सिगरेट के रुपये मांगने पर हत्या की गई। हालांकि यह भी कहा जा रहा है कि हत्यारों ने दुकानदार को रुपये दे दिए थे। हत्या क्यों की गई रहस्य है। जानकारी मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई थी।
गांव के प्राइमरी स्कूल के नजदीक छोटेलाल (28) पुत्र शोभाराम की घर में ही छोटी सी परचून की दुकान है। शनिवार शाम वह दुकान बंद कर घर में खाना खा रहा था। रात के अंधेरे में कुछ युवकों ने सिगरेट की मांग करते हुए उसे आवाज लगाई। छोटेलाल सिगरेट देने के लिए बाहर आया। चर्चा है कि सिगरेट देकर तथा 10 रुपये लेने के बाद वह जैसे ही वह घर के अंदर जाने को मुड़ा तभी हत्यारों ने उसकी कनपटी से सटाकर गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। लहूलुहान अवस्था में पड़े युवक को आनन फनन एंबुलेंस से अलीगढ़ भेजा गया जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। आधा घंटे बाद पहुंची हरदुआगंज पुलिस ने परिजनों से जानकारी लेते हुए घटना की जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक थाने में तहरीर नहीं दी गई थी। मृतक के परिवार में मां व पत्नी समेत तीन बडे़ भाई हैं, जिनमें दो दिल्ली रहते हैं, जबकि एक भाई साथ ही रहता है।
अभी तक की जांच में कुछ स्पष्ट नहीं हो सका है। गोली मारने वालों ने सिगरेट लेकर रुपये भी दिए थे। दस का नोट उसके हाथ में ही था। हत्या की वजह क्या है और हत्यारे कौन हैं इसका पता जल्द ही लगा लिया जाएगा।
- शंभू तिवारी, एसओ हरदुआगंज