भेलपूरी विक्रेता परिवार को बंधक बनाकर डाका
- फोटो : Rupesh
महानगर में छुट्टा घूम रहे बदमाशों ने सोमवार रात थाना सासनीगेट के पला साहिबाबाद में भेलपूरी विक्रेता के घर डाका डाल दिया। पला की कबीर नगर नई आबादी में घुसे आधा दर्जन बदमाशों ने परिवार के साथ मारपीट कर हथियारों के बल पर परिजनों को बंधक बना लिया। इसके बाद घर से नगदी व जेवर लूटने के बाद परिजनों को कमरे में बंद कर गए।
मूल रूप से जवां निवासी सोमवीर सिंह पुत्र गेंदालाल यहां कई वर्ष से रह रहे हैं और भेलपूरी की ढकेल लगाते हैं। परिवार में पत्नी, मां-बाप व पांच बच्चे हैं। सोमवार रात सभी लोग घर में सो रहे थे। रात में दर्जनभर बदमाश घर में घुस आए। बदमाशों ने गेंदालाल की कनपटी पर तमंचा तान दिया। सोमवीर ने विरोध किया तो उनके साथ हाथापाई कर दी।
पत्नी सरोज, मां व चार बच्चों को एक कमरे में ले जाकर बंधक बना लिया। संदूक का ताला तोड़कर उसमें रखे 57 हजार रुपये व सोने-चांदी के आभूषण निकाल लिए।इसके बाद सभी लोगों को कमरे में बंद कर भाग गए। सोमवीर के मुताबिक आभूषणों की कीमत करीब 50 हजार रुपये थी। इस संबंध में एसओ सासनीगेट विनोद कुमार का कहना है कि सोमवीर का मकान एकांत में बना हुआ है। रात में चोर घर में घुस आए थे। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बच्चों की गुल्लक तोड़कर ले गए रुपये
बदमाशों ने रात में यहां डकैती के दौरान बच्चों की गुल्लक तक नहीं छोड़ी। बदमाशों ने गुल्लक को तोड़कर उसमें रखी रकम भी कब्जे में कर ली और ले गए। सुबह जब बच्चों को गुल्लक से रकम जाने की जानकारी हुई तो वह बेहद मायूस दिखे।