एसबीआई के कैश वैन चालक की सूझबूझ व साहस से 40 लाख रुपये लुटने से बच गए। अतरौली कोतवाली क्षेत्र के गांव कलियान नगर के निकट सोमवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे बाइक सवार बदमाशों ने इस वैन चालक पर गोली भी चलाई पर वह बच गया। इसके अलावा आगे विस्फोट कर रास्ते को धुएं से भर दिया पर चालक बैक गियर डालकर वैन को आबादी के पास ले गया। वहां लोगों के शोर मचाने से बदमाश भाग गए।
हालांकि कैश वैन में दो हथियारबंद सुरक्षाकर्मी मौजूद थे। इस मामले में एसबीआई के शाखा प्रबंधक उमेश चंद ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अतरौली से सोमवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे कैश वैन में करीब 40 लाख रुपये की नकदी छर्रा की एसबीआई शाखा के लिए ले जाई जा रही थी। वैन को सरायवली निवासी प्रेमपाल पुत्र शंकरलाल चला रहा था। बैंक के सुरक्षा गार्ड नाहर सिंह और उम्मेद सिंह अपने हथियार लेकर गाड़ी में मौजूद थे। जैसे ही यह वैन अतरौली-छर्रा मार्ग स्थित गांव कलियान नगर के निकट पहुंची, पीछे से बाइक पर आए तीन बदमाशों ने चालक को गोली मारने का प्रयास किया। लेकिन गोली खिड़की से रपटती हुई निकल गई।
बदमाशों ने आगे जाकर एस्सार पेट्रोल पंप के ठीक सामने रोड पर किसी चीज से विस्फोट कर दिया। इससे वहां धुआं ही धुआं हो गया। इस पर चालक ने तत्काल वैन में बैक गियर डाला और पीछे की ओर दौड़ाता हुआ कलियान नगर के निकट ले गया। वहां मौजूद लोगों ने शोर मचा दिया तो बदमाश भाग गए। सूचना पर एसपीआरए डॉ. यशवीर सिंह, सीओ सुरेश कुमार मलिक, कोतवाल उत्तमचंद पटेल, छर्रा कोतवाल शत्रुघ्न उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर जानकारी ली। पुलिस ने आसपास के इलाकों में चेकिंग भी शुरू की मगर बदमाशों का पता नहीं चला।
अतरौली के साथ छर्रा और बरला थाने की पुलिस भी इस मामले में लगाई गई है। जल्द ही घटना का खुलासा कर बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा। तेजतर्रार पुलिस कर्मियों को सुराग लगाने के लिए लगाया गया है।
- सुरेश कुमार मलिक, सीओ
गोली चली तो चालक को लगा टायर बर्स्ट हुआ
चालक प्रेमपाल के मुताबिक जब उसकी खिड़की पर गोली लगी तो उसने समझा कि वैन का टायर बर्स्ट हुआ है। वह गाड़ी को अनियंत्रित होने से बचाने लगा। कुछ ही पल में वह समझ गया कि आवाज कहीं और से आई है।
वैन थोड़ी आगे बढ़ी तो देखा रोड पर धुआं उठ रहा है और बाइक सवार तीन लोग मुंह पर कपड़ा बांधे खड़े हैं। उसे समझने में देर नहीं लगी कि यह लुटेरे हैं। तत्काल उसने गाड़ी में बैक गियर डाला और तेजी से पीछे की ओर भगा ले गया। हो सकता है कि बदमाशों ने ध्यान भटकाने के लिए ही गोली चलाई हो। बहरहाल बदमाशों ने दुस्साहस तो खूब किया पर प्रेमपाल ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
... उड़ सकता था पेट्रोल पंप
बदमाशों ने छर्रा मार्ग पर एस्सार पेट्रोल पंप के ठीक सामने विस्फोट किया। इससे वहां धुएं का गुबार उठने लगा। पंप पर काम करने वाले गेंदालाल आदि का कहना है कि विस्फोट के कारण पेट्रोल पंप पर कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। धमाके की तेजी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सड़क में गड्ढा हो गया।
तेवथू चौकी पर नहीं हैं पुलिस कर्मी
छर्रा मार्ग पर तेवथू पुलिस चौकी गांव राजगांव चौराहे पर है लेकिन यहां आजकल स्टाफ नदारद है। चौकी इंचार्ज छुट्टी पर हैं। यहां के कांस्टेबिल एएमयू में ड्यूटी पर हैं। अगर यहां पुलिस तैनात होती तो हो सकता था कि चेकिंग के दौरान बदमाश पकड़ में आ जाते।