दो दर्जन राहगीरों को मारपीट कर लूटा
- फोटो : Amar Ujala
थाना क्षेत्र में अधौन रोड पर एक दर्जन बदमाशों ने सोमवार रात हथियारों के बल पर महिलाओं सहित लगभग दो दर्जन राहगीरों को बंधक बना मारपीट कर करीब 50 हजार रुपये व 10 मोबाइल लूट लिए। बदमाशों की पिटाई से आधा दर्जन लोग घायल हो गए। इनमें एक की हालत गंभीर होने के कारण निजी अस्पताल मे भर्ती कराया गया है। घटना से गुस्साए लोगों ने एक मिठाई की दुकान पर तोड़फोड़ की। उन्होंने पुलिस चौकी का घेराव कर बदमाशों को जल्द पकड़ने की मांग की।
रात समय लगभग नौ बजे एक दर्जन अज्ञात बदमाशों ने बाइक से गांव जा रहे योगेश पुत्र महीपालसिंह को बंधक बना कर मारपीट की। इससे उसका पैर टूट गया। बदमाशों ने बीज की दुकान में नौकरी करने वाले नगला झम्मन गांव के रोहित कुमार से पंद्रह हजार रुपये लूट लिए। इसके अलावा एलएलबी के छात्र इरफान पुत्र जुम्मन खां, कांग्रेस नेता विवेक बंसल के ड्राइवर मुबीन पुत्र मुन्ने खां निवासी अधौन, दुकानदार शीलेन्द्र पुत्र कमल सिंह निवासी नगला पतेल, टैम्पो सवार सलमान पुत्र अहमद शहीद, कदीर पुत्र बशीर खां, वहीद पुत्र नवाज अली, वहीद पुत्र कल्लू, मनोज पुत्र प्रेमपाल सिंह, कमरूप पुत्र जुम्मन खां, असलम पुत्र बशीर खां निवासी अधौन आदि को बंधक बना कर मारपीट कर रुपये व मोबाइल लूट लिए।
पीड़ितों के अनुसार लूटपाट लगभग आधा घंटे तक चली। इसी बीच एक और टैम्पो को बदमाशों ने रोक कर लूटने का प्रयास किया। उसकी सवारियां बदमाशों से भिड़ गईं। इसी बीच इसकी जानकारी मिलने पर आसपास के सैकड़ों लोग मौके की ओर दौड़ पडे़। लोगों को आता देख बदमाश भाग गए। ग्रामीणों ने बंधक बने लोगों को मुक्त कर घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी। लूटपाट के दौरान पनेठी पर जलाली निवासी एक मिष्ठान भंडार के मालिक को बदमाशों ने टार्च की लाइट लगा कर छोड़ दिया।
गुस्साए ग्रामीणों ने इस पर बदमाशों से मिला होने का संदेह जताते हुए उसकी दुकान पर तोड़फोड़ कर डाली। इसके बाद चौकी का घेराव कर बदमाशों को पकड़ने की मांग की। लोगों का कहना है कि कुछ पीड़ितों को पुलिस ने मौके से टरका दिया। इसी दौरान एसओ अकराबाद डॉ. विनोद सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पीड़ितों को थाने लाकर तहरीर ली है। उन्होंने बताया है कि चार पीड़ितों से तहरीर मिल गई है। पुलिस बदमाशों की तलाश मे लगी हुई है।