लोधा क्षेत्र के गांव ताजपुर रसूलपुर में पशुओं को पोटाश मिला धनियां खिलाते हुए तीन युवकों को ग्रामीणों ने दबोच लिया और जमकर पीटा गया। इन युवकों के पास से एक मोपेड के अलावा छुरा आदि भी बरामद हुए। बाद में तीनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। तीनों पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया गया है कि कुंती देवी पत्नी प्रहलाद सिंह निवासी ताजपुर रसूलपुर के यहां धनियां में पोटाश मिलाकर फेंकते समय रवि पुत्र रामू, कल्लू पुत्र राजू व टीटू पुत्र मोहन निवासीगण खैर अड्डा देहली गेट को रंगे हाथ पकड़ा लिया। उनकी हरकतों को कुंती का बेटा कपिल देख रहा था, तभी उसने अपने कुछ साथियों को इशारे से बुला लिया और तीनों को लाकर बेरहमी से पीटा। बाद में उनके हाथ लगे धनियां को देखा तो उसमें पोटाश की गंध आ रही थी। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। खबर पर आई पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया। उनके पास से दो छुरा व एक मोपेड भी मिली। अंदेशा है कि यह जानवरों को पोटाश खिलाकर मारते। फिर बाद में उन्हें ले जाकर उनकी खाल आदि उतारकर बेच देते। बता दें कि इसी तरह का धंधा पहले खैर में पकड़ा गया था। एसओ के अनुसार तीनों पर कार्रवाई की जा रही है।