महानगर के सिविल लाइंस के एडीएम कंपाउंड रोड पर सोमवार देर रात फिर एक वारदात में एएमयू छात्र को गोली मार दी गई। यह घटना उस समय हुई जब एएमयू का बिहार निवासी छात्र अपने साथी संग पैदल-पैदल कोचिंग से कैंपस लौट रहा था। तभी बाइक सवार तीन युवक आए और इन दोनों को रोककर विवाद करने लगे। इस दौरान पहले एक तमंचे की बट युवक के सिर में मारी फिर गोली मारी जो उसकी कनपटी को छूती हुई निकल गई। घायल छात्र को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। खबर पर एसएसपी, एसपी सिटी सहित पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
मूल रूप से पूर्णिया बिहार के आमौर थाना क्षेत्र के गांव दौरिया का 21 वर्षीय मो. गुलजार पुत्र नजीमुद्दीन एएमयू का बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है और एसएस नार्थ के रूम नंबर कमरा नंबर 147 में रहता है। उसके साथी शाहिद आलम के अनुसार वह दोनों सरसैयद नगर के एक कोचिंग में अंग्रेजी का कोचिंग लेकर रात करीब 9:30 बजे हाथों में साइकिल लिए पैदल-पैदल बात करते हुए एएमयू बाब-ए-सैयद की ओर एडीएम कंपाउंड रोड से लौट रहे थे।
वह जैसे ही प्रिंट प्वाइंट वाली गली में होकर एडीएम कंपाउंड से आगे बढ़े, तभी पीछे से बाइक पर तीन युवक आए और हमें रोककर बेवजह गाली-गलौज करने लगे। जब विरोध किया तो उनमें से एक ने पहले गुलजार के सिर में बट मारी और जब शोर मचाया तो गोली मारकर भाग गए।
साथी के शोर व सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को मेडिकल कॉलेज लेकर गई। खबर पर एसएसपी आकाश कुलहरिए एसपी सिटी अभिषेक, सीओ अनिल कुमार, सिविल लाइंस, क्वार्सी, गांधीपार्क आदि थानों की पुलिस पहुंच गई। छात्रों की भीड़ भी जमा होने लगी। हालांकि छात्र की हाल स्थिर है, मगर अभी बातचीत न होने के कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। सीओ सिविल लाइंस के अनुसार छात्र से बातचीत के बाद घटना का कारण और आरोपियों के विषय में कुछ स्पष्ट हो सकेगा।
कहीं कोई साजिश तो नहीं उसी स्थान पर दूसरी घटना
अभी सैफ की हत्या का न तो कारण स्पष्ट हुआ है और न आरोपी चिह्नित हुए हैं। उसी रोड पर ठीक तीसरे दिन फिर एक छात्र को निशाना बनाकर गोली मारी गई है। बस घटना स्थल में 100 से 200 मीटर की दूरी होना बताया गया है। यह कहीं कोई साजिश तो नहीं है। हालांकि अभी यह अनुमान ही है, मगर अनुमान सच भी होता है तो सवाल खड़ा हो रहा है कि साजिश कौन रच रहा है और क्यों रच रहा है। ठीक तीसरे दिन उसी इलाके में दूसरी वारदात हो जाने के बाद पुलिस ने इस पहलू पर भी काम शुरू कर दिया है।