अतरौली के रामघाट-कल्याण रोड पर मढ़ौली बंबा के पास रविवार शाम कार की टक्कर से बेटे सहित बाइक सवार दंपती घायल हो गए। जेएन मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही राजेश चौधरी (48) और उनके बेटे मोहित (17) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं मोहित की मां वीनेश देवी गंभीर रूप से घायल है।
परिजन के अनुसार डेंगू पीड़ित होने पर मां-बेटे दो दिन तक अतरौली के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। रविवार शाम डिस्चार्ज होने पर राजेश दोनों को बाइक पर बिठाकर गांव लौट रहे थे। मढ़ौली के पास पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने तीनों को सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने राजेश चौधरी और मोहित को मृत घोषित कर दिया। वीनेश देवी को भर्ती कर इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
परिजन के अनुसार राजेश चौधरी की गांव में परचून की दुकान है। दो बेटे थे। पिता-पुत्र की मौत से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं हादसे से दूधमा गांव में मातम छा गया। सोनू चौधरी, अर्जुन सिंह, फहीमुद्दीन समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उधर, कोतवाल सुरेंद्र पांडेय ने बताया कि कार को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
घायल कार चालक दीनदयाल अस्पताल में भर्ती
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ लोगों ने कार चालक को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जाता है कि चालक हरदुआगंज से एक परिवार के साथ पालीमुकीमपुर के गांव सैफपुर स्थित खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने के लिए जा रहा था। कोतवाल सुरेंद्र पांडेय ने बताया कि लोगों की हाथापाई में चालक दिव्यांशु के भी चोट आई है। वह भी दीनदयाल अस्पताल में भर्ती है।