शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित भुजपुरा में मायके में आई विवाहिता पर शुक्रवार की रात को दो युवकों ने तेजाब फेंक दिया। एसिड अटेक के कारण विवाहिता और उसकी दो वर्षीय बेटी झुलस गई। सूचना मिलने पर एसएसपी वारदात स्थल के बाद जिला अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी की।
एसिड अटेक करने वाले परिचित युवक होने के कारण उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही थी।
इगलास के गांव हस्तपुर निवासी आशमा पत्नी आस मोहम्मद का शहर कोतवाली स्थित भुजपुरा में मायका है। वह अपनी दो वर्षीय बेटी के साथ कुछ दिन पूर्व मायके आई। शुक्रवार की रात को वह बेटी को दवा दिलवाने के लिए चिकित्सक के पास जा रही थी। घर के पास ही दो युवकों ने उसके ऊपर तेजाब फेंक दिया। इसके चलते मां-बेटी दोनों झुलस गई। हमला करने के बाद आरोपी भाग खड़े हुए। परिजनों को पता लगा तो वह दोनों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद एसएसपी राजेश पांडेय जिला अस्पताल पहुंच गए। पहले उन्होंने पीड़ित से बातचीत की इसके बाद इमरजेंसी में तैनात चिकित्सकों से जानकारी ली। चिकित्सकों ने एसएसपी को बताया कि विवाहिता पर फेंका गया तेजाब न होकर कोई हल्का रसायन है।
विवाहिता और उसकी बेटी दोनों पूरी तरह से ठीक हैं। कप्तान ने बताया कि आशमा के सगे भाई ने तेजाब डालने के आरोपी की बेटी के साथ गलत हरकत की थी, जिसके आरोप में वह जेल में बंद है। संभवता इसी प्रकरण में आशमा पर इस तरह का हमला हुआ है।