अलीगढ़। महानगर के रामघाट रोड इलाके के गेस्ट हाउस में रात को शादी समारोह में काम कर रहे कर्मचारी की करंट से मौत हो गई। बाद में साथी उसे मेडिकल भी ले गए। मगर बचाया नहीं जा सका। देर रात उसके शव को घर छोड़ दिया गया।
सुबह परिजन लाश लेकर गेस्ट हाउस पहुंच गए। जहां मारपीट कर करंट लगाने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। बाद में पुलिस के पहुंचने पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और तहरीर के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर हंगामा शांत हुआ।
वाकये के अनुसार नगला माली धनीपुर का रहने वाला 20 वर्षीय राजू पुत्र मुकंदी कैटर्स के साथ काम करता था। रात को वह गेस्ट हाउस में शादी में चाट के काउंटर पर तैनात था। तभी देर रात अचानक तेज हवा व बारिश के दौरान करंट लगने से वह बेसुध हो गया।
इस पर आनन-फानन उसे साथी व कैटर्स आदि मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। जहां से शव को उसके घर ले जाकर छोड़ आए। मगर परिजन सुबह शव लेकर गेस्ट हाउस पहुंच गए। जहां मारपीट कर करंट लगाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। बाद में समझौते की बात भी आई। मगर परिवार मानने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। एसओ के अनुसार जांच के आधार पर कार्रवाई होगी।