न्यूज क्राइम, अमर उजाला, अलीगढ़
शहर में जहरखुरानों का आतंक एक बार फिर से सिर उठाने लगा है। पिछले दिनों नुमाइश ग्राउंड के पास एक युवक को शिकार बनाने के बाद बुधवार फिर दिनदहाड़े एक अन्य युवक को नशीला पदार्थ सुंघाकर उसके पास से एक लाख रुपये की रकम पार कर दी। युवक मैदान पर बेहोशी की हालत में वहां से गुजर रहे राहगीरों को मिला तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उपचार के बाद होश मेें आए युवक से पूछताछ कर तहरीर ले ली है।
थाना देहली गेट के कुंजलपुर नई आबादी निवासी भीकमबर पुत्र पन्नालाल अपने घर से एक लाख रुपये की रकम लेकर निकला था। यह रकम वह एक फायर बिग्रेड कालोनी निवासी फतेह सिंह को देने आ रहा था। तभी रास्ते में तीन लोगों ने उसे घेर लिया। पहले तो वह उससे बातचीत करने लगे। बाद में उन्होंने युवक को एक नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गया।
युवक की बेहोशी की हालत का फायदा उठाकर जहरखुरान उसकी जेब में रखी एक लाख रुपये की रकम निकालकर ले गए। इधर, सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस युवक को जिला अस्पताल लेकर आई। उसकी जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर परिजनों को सूचित किया। युवक की पत्नी राजकुमारी ने बताया कि पति आटा चक्की चलाने का काम करते हैं। पुलिस के अनुसार युवक से पूछताछ कर ली गई है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।