क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
क्राइम इंवेस्टिगेशन विंग ने शनिवार की रात 10 साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपये का ईनामी बदमाश दबोच लिया। पकड़े गए बदमाश पर जान लेवा हमले, गैंगेस्टर सहित आधा दर्जन से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं। सन 2008 में पुलिस मुठभेड़ में बदमाश के सात साथियों को गिरफ्तार कर लिया था तभी से गैंगेस्टर में यह फरार चल रहा था।
पुलिस लाइन में रविवार को पत्रकार वार्ता में एसएसपी अजय कुमार सहानी ने बताया कि वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस मुहिम चला रही है। इसी क्रम में सन 2008 से फरार चल रहे 25 हजार के ईनामी बदमाश मीनू उर्फ यासीन पुत्र अब्दुल गनी निवासी गांव नीवरी थाना दहेली गेट को शनिवार की रात करीब 9:30 बजे गांव नीवरी से गिरफ्तार कर लिया। उस समय वह जिले से भागने की तैयारी कर रहा था।
मीनू उर्फ यासीन गौतमबुद्ध नगर के दनकौर में गांव उस्मानपुर और चंडौस के गांव रामपुर शाहपुर में भी समय-समय पर रहता है। इसकी फरारी के दौरान पुलिस ने इसके बेटे मुबारिक और बेटी विल्कीस को गोकशी में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। यासीन भी पते अदल बदल कर अपराध किया करता था।
18 जून 2008 की रात को यासीन अपने 11 साथियों के साथ मिल कर गांव बेसवां थाना इगलास के अंतर्गत निर्माणाधीन कोल्ड स्टोर के चौकीदार को बंधक बनाकर कीमती सामान चोरी कर ले गया था।
गिरफ्तार करने वाली टीम में क्राइम इंवेस्टिगेशन विंग प्रभारी समय सिंह, सिपाही राकेश कुमार, फिरोज खान, मो. रजा, अमित चौहान, सचिन कुमार शामिल थे। इस मौके पर एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।