क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
कांग्रेस नेता मनोज सक्सेना के पिता बीडी सक्सेना के देहांत पर गमी में शामिल होने आईं उनकी मौसी को रविवार देर रात आगरा रोड चिरंजीलाल स्कूल के पास लूट लिया गया। घटना उस समय हुई, जब वह देहरादून वापसी के लिए खरीदारी कर बाजार से घर लौट रही थीं। सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने जांच पड़ताल कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
आवास विकास सासनी गेट निवासी मनोज सक्सेना के पिता बीडी सक्सेना का पिछले दिनों देहांत हुआ था। इस गमी में शामिल होने उनकी मौसी मंजू जौहरी पत्नी स्व. सुधीर जौहरी निवासी इंदिरा नगर देहरादून उत्तराखंड अपनी बेटी बरखा संग आई थीं।
रविवार रात को लिंक एक्सप्रेस से उनका वापस जाने का रिजर्वेशन था। वापसी में कुछ सामान की जरूरत को ध्यान में रखते हुए मंजू, अपनी बेटी बरखा व मनोज सक्सेना की मां शकुंतला सक्सेना बाजार से सामान खरीदकर 10:30 बजे करीब घर लौट रही थीं।
तभी चिरंजीलाल स्कूल के पास बाइक सवारों ने टिर्री से उतरते समय उनका पर्स झपट लिया। पर्स में 3 हजार रुपये, एक नया मोबाइल, वापसी की रिजर्वेशन टिकट अन्य जरूरी दस्तावेज थे। इस सूचना पर मनोज सक्सेना के छोटे भाई अन्य परिजन आ गए। खबर देकर पुलिस को बुला लिया गया। सासनी गेट पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।