क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
जिला महिला अस्पताल में मंगलवार को एक आशा वर्कर ने स्वास्थ्य परीक्षण को आयी एक गर्भवती महिला से मारपीट कर दी। अस्पताल की सीएमएस डॉ. गीता प्रदान ने आशा वर्कर की शिकायत सीएमओ से की है।
देहली गेट के शाहजमाल की ईदगाह निवासी शाजिया पत्नी वसीम मंगलवार को जिला महिला अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण कराने आयी थी।
अस्पताल में ही लोधा की आशा वर्कर सकीना भी आयी थी। सीट पर आगे बैठने को लेकर दोनों में विवाद हो गया। इस पर सकीना ने शाजिया के साथ मारपीट कर दी। इस पर शाजिया बेहोश हो गई। उसे अस्पताल में भी भर्ती किया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर सीएमएस डॉ. गीता प्रधान ने सीएमओ को पत्र लिखा, जिसमें कहा है कि सकीना लगातार ऐसी घटनाएं कर रही है। इसके अलावा अस्पताल से महिलाओं को प्रसव के लिए निजी नर्सिंग होम में ले जाती है। इसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
सकीना नाम की आशा आए दिन ऐसी हरकतें करती है और मरीजों को प्राइवेट नर्सिंग होम में ले जाती है। सीएमओ को पत्र लिखा है कि उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।
- डॉ. गीता प्रधान, सीएमएस, जिला महिला अस्पताल