न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
सर्फ एक्सल के विज्ञापन ‘.... दाग अच्छे हैं’ का शहर में भी विरोध शुरू हो गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. पुष्पेंद्र पचौरी ने इस उत्पाद के बहिष्कार का आह्वान किया है। वहीं अखिल भारत हिंदू महासभा द्वारा कंपनी के विरोध में नारेबाजी कर सर्फ एक्सल के पाउच को जलाया गया। हिंदू छात्र वाहिनी के सदस्यों ने इसको नाली में बहाकर अपना विरोध दर्ज किया। विरोध करने वालों ने 48 घंटे में विज्ञापन हटाने एवं कंपनी संचालक द्वारा माफी मांगने की मांग की गई है।
अखिल भारत हिंदू महासभा द्वारा स्वर्ण जयंती नगर में विरोध प्रदर्शन किया गया। सोनू सविता ने कहा कि इस विज्ञापन ने एक साथ कई निशाने साधे गए हैं। होली के पवित्र त्योहार को दाग कहने की चेष्टा की गई है। वह भी एक मजहब के लिए। यह लव जिहाद को बढ़ावा देना भी है। हिंदू छात्र वाहिनी के सदस्यों ने सर्फ एक्सेल डिटर्जेंट को नाले में बहाकर उसके विज्ञापन का विरोध किया।
वाहिनी के संस्थापक अध्यक्ष आदित्य पंडित ने कहा कि हिंदुस्तान लीवर का स्वामित्व एक गैर हिंदू के पास है और वह व्यक्ति अप्रत्यक्ष रूप से लव जिहाद को बढ़ावा देने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि 48 घंटे के अंदर हिंदुस्तान लीवर विज्ञापन हटाकर माफी नहीं मांगेगा तो रौद्र रूप को देखने के लिए तैयार रहे। इस मौके पर रोहित सूर्यवंशी, लोकेश नागर, सचिन पंडित, हर्षद हिंदू, पवन कुमार, मोहनलाल दीक्षित, पवन कुमार, सोनू दीक्षित आदि मौजूद थे।