क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के सेंटर प्वाइंट चौराहा पर सोमवार दोपहर को एक सिपाही की कमर में लगी पिस्टल के रोड पर गिरने से फायर हो गया। फायरिंग की आवाज से क्षेत्र के दुकानदारों में सनसनी फैल गई। वाहनों के पहिये थम गए। इधर, सिपाही आनन-फानन में पिस्टल को उठाकर मौके से भाग गया। लोगों ने उसे रोकने की भी कोशिश की मगर, वह उन्हें वर्दी का रुआब दिखाते हुए मौके से चकमा देकर फरार हो गया।
वाकये के अनुसार घटना लगभग दोपहर डेढ़ बजे के करीब की है। सेंटर प्वाइंट चौकी के सामने रोड पर पैदल आते एक अधेड़ उम्र के सिपाही की पिस्टल कमर में बंधी बेल्ट ढीली होने के कारण गिर गई। पिस्टल के गिरते से ही उससे फायर हो गया। गनीमत रही की गोली किसी को लगी गई।
सिपाही ने फुर्ती से पिस्टल को उठा लिया। इसके बाद वह मौके से घंटाघर की ओर जाने वाले मार्ग पर दौड़ पर लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह अपनी वर्दी का रुआब दिखाने लगा। इसके साथ ही सिपाही के हाथ में पिस्टल को देख राहगीर सहम गए। उन्होंने जबरन उसे रोकने की हिम्मत नहीं की।
इसका फायदा उठाकर वह मार्ग पर स्थित एक प्राइवेट बैंक के बगल से जाने वाली गली में घुस गया। इस घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीर थोड़ी देर के लिए सहम उठे। हालांकि किसी ने इस बात की सूचना पुलिस को नहीं दी।
सेंटर प्वाइंट के दुकानदारों के मुताबिक सिपाही की उम्र लगभग 50 वर्ष के करीब थी। वह स्पोर्ट्स शूज पहने हुआ था। जैकेट पहने होने के कारण कोई उसका नेम बेच भी नहीं देख पाया था।
फिल्मी स्टाइल में पिस्टल लगाकर घूमते हैं पुलिसकर्मी
फिल्मी स्टाइल में खुद को प्रदर्शित करने के चक्कर में पुलिसकर्मी नियमों को ठेंगे पर रख देते हैं। पिस्टल जैसे संवेदनशील हथियार को भी लापरवाही भरे अंदाज में कमर पर बंधी बेल्ट में फंसाकर स्टाइल दिखाने से गुरेज नहीं करते हैं। अधिकारी भी इस बात से अनजान बने हुए हैं। सेंटर प्वाइंट के दुकानदारों ने सिपाही पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस को हथियार जनता की हिफाजत को दिए जाते हैं न कि स्टाइल दिखाने को। इस घटना से सबक लेते हुए अधिकारियों को उक्त सिपाही का पता लगा उसके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही आगे से इस प्रकार की घटना न हो इसके प्रति भी सावधानी बरतनी चाहिए।