क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के देहली गेट इलाके के इंदिरा नगर से दो दिन से लापता किशोरी का शव शनिवार आधी रात को बरछी बहादुर के पास रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। इस सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं किशोरी की मां ने बच्ची के सौतेले पिता पर हत्याकर शव फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस अभी इसे ट्रेन एक्सीडेंट मानकर जांच कर रही है और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
वाकये के अनुसार मूलरूप से इलाहाबाद की जनता कॉलोनी निवासी कृष्णा देवी के पति बब्बू लाल की मौत के बाद वह कई साल पहले यहां आकर बस गई और देहली गेट के इंदिरा नगर में अपने 6 बच्चों के साथ किराये पर रहने लगी।
यहां उसके संपर्क सासनी के नगला छाऊ निवासी मुन्नालाल से हो गए तो दोनों दंपति के रूप में 5 साल तक साथ रहे। मगर बाद में विवाद के चलते मुन्नालाल भी उसे छोड़कर चला गया।
अब वह कभी कभार घूमने आता है। कृष्णा का आरोप है कि मुन्नालाल शुक्रवार देर शाम उस समय उसके घर आया, जब वह दवा लेने गई थी और बड़ा बेटा फैक्ट्री गया था।
बाकी बच्चे इधर उधर खेल रहे थे। तभी वह सबसे छोटी 13 वर्षीय बेटी सोनी को अपने साथ ले गया। इसके बाद उसकी लाश शनिवार रात करीब 12 बजे बरछी बहादुर के पास रेलवे ट्रैक पर मिली।
पुलिस ने शव मिलने की सूचना पर उसे कब्जे में कर लिया और पहचान के बाद कृष्णा देवी को बुला लिया। कृष्णा देवी ने अपने दूसरे पति पर हत्या का आरोप लगाया।
इंस्पेक्टर देहली गेट सुनील सिंह का कहना है कि सोनी के गायब होते ही मां ने मुन्नालाल पर आरोप लगाया था। उसी रात मुन्नालाल को हिरासत में ले लिया गया था, तभी से वह पुलिस हिरासत में है।
ऐसे में मुन्ना द्वारा हत्या कर शव फेंके जाने की बात समझ से बाहर है। मामला ट्रेन एक्सीडेंट का लग रहा है। फिर भी जांच की जा रही है। एक बात यह भी निकलकर आ रही है कि शनिवार रात बच्ची खुद घर पहुंची थी तो उसे मां ने अचानक गायब होने पर डांटा था। कहीं उसने मां की डांट पर सुसाइड तो नहीं किया। सभी पहलुओं पर जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।