क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के जौहरा बाग में रहने वाले एक अधिवक्ता के परिवार संग मारपीट करने का मामला सामने आया है। अधिवक्ता ने मामले में आधा दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ रविवार को एसएसपी को शिकायत पत्र सौंप हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
अधिवक्ता इरफान गाजी पुत्र हनीफ ने बताया कि वह जौहरा बाग के एक मकान में परिवार संग रहते हैं। मकान दो मंजिला है। दूसरी मंजिल उन्होंने काफी समय पहले खरीदी थी।
कुछ समय पहले मकान के धरातल को जमालपुर के व्यक्ति ने खरीद लिया। अब वह दूसरी मंजिल पर भी कब्जा जमाना चाह रहा है। इसी बात को लेकर उसने परिवार पर हमला किया।
हमले के समय घर में पत्नी मासूम बच्चों संग अकेली थी। अधिवक्ता का आरोप है कि वह लोग भूमाफिया के तौर पर काम करते हैं। शिकायत पर एसएसपी ने अधिवक्ता को मामले की जांच करा आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।