क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
गाजियाबाद से अलीगढ़ को एएमडी पैसेंजर ट्रेन से आ रही महिला के दो बच्चे उससे कुलवा स्टेशन पर बिछड़ गए। महिला स्टेशन पर पानी पीने के लिए उतरी थी। इतने में ट्रेन चल दी। हालांकि दोनों बच्चों को अलीगढ़ जंक्शन पर जीआरपी ने ट्रेन से बरामद कर महिला के पहुंचने पर उसके सुपुर्द कर दिया।
यात्री सोमवती ने बताया कि कुलवा पर दो मिनट के लिए ट्रेन रुकी थी। तभी वह पानी पीने के लिए ट्रेन से उतर गई। इस दौरान ट्रेन चल दी। उसके दोनों बच्चे ट्रेन के अंदर ही थे। इस बात की सूचना वहां रेलवे अधिकारियों को दी गई।
सहायक स्टेशन मास्टर मुकेश कुमार गांधी ने बताया कि वहां से दो बच्चों के ट्रेन में मां से बिछड़ने की सूचना जीआरपी सब इंस्पेक्टर कुसुमलता और इंस्पेक्टर विजय सिंह को दी गई।
जीआरपी ने ट्रेन के यहां पहुंचने पर दोनों बच्चों को ट्रेन से उतारा। कुछ देर बाद यहां पहुंची बच्चों की मां सोमवती को दोनों बच्चे सुपुर्द कर दिए गए।