क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
ताबड़तोड़ झपटमारी और लूटपाट को अंजाम देता फिर रहा हनी उर्फ नितिन पंजाबी इस कदर तेज रफ्तार बाइक चलाता था कि अगर वह बगल से निकल जाए तो यह न पहचान पाएं कि वह किस बाइक पर था। यही वजह रही कि वह बमुश्किल दूसरी बार पुलिस की घेराबंदी में उलझकर रह गया और ढाई घंटे में ही दूसरी बार पकड़ा गया।
लूटकर भागने की फिराक में था, तभी पकड़ा गया
एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव के अनुसार पकड़े गए नितिन व उसके साथी से नशीला पाउडर, दो तमंचे, 6 कारतूस, 12 हजार 900 रुपये, पांच मोबाइल फोन व स्कूटी बरामद की गई थी। यह विभिन्न लूट व छिनैती की घटनाओं से संबंधित हैं। यह शहर में घूम घूमकर लोगों को निशाना बनाकर लूटपाट करते फिरते थे। गिरफ्तारी के बाद जब वह फरार हुआ तो पुलिस ने और ज्यादा प्रयास कर उसे पकड़ने में सफलता हासिल की है।
हां, इससे पहले उसने कहीं से एक पिस्टल प्राप्त कर ली। वह फिर से रुपये लूटकर कहीं भागने की फिराक में था, तभी पकड़ा गया। इस गिरफ्तारी से बड़ी राहत मिलेगी। इस संबंध में नितिन व इकबाल पर क्वार्सी में मुकदमा दर्ज किया गया है। नितिन पर क्वार्सी में ही भागने का मुकदमा और सिविल लाइंस में पुलिस मुठभेड़ व गिरफ्तारी का मुकदमा दर्ज किया गया है।
परिजनों ने किया हंगामा, झूठी बताई मुठभेड़
सुबह अखबारों में नितिन के पुलिस हिरासत से भागने की खबर पढ़कर परिजनों ने थाने जाकर उसके विषय में जानकारी की तो पता चला कि रात में मुठभेड़ में वह जख्मी होने के बाद पकड़ा है। इस पर परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। जहां उन्होंने यह कहते हुए हंगामा किया कि मुठभेड़ झूठी है। पुलिस ने दो दिन पहले से उसे पकड़ रखा था। यह भी कहा कि रात पुलिस उनके घर जरूर आई थी, मगर इसके विषय में कुछ जानकारी नहीं दी।
नितिन पंजाबी ने ये 14 घटनाएं कुबूलीं
--------------------------------
20 फरवरी को विक्रम कॉलोनी में महिला से पर्स लूट
25 फरवरी को ग्रीन पार्क इलाके में मोबाइल छीना गया
04 मार्च को रामघाट रोड से एक व्यक्ति से मोबाइल छीना
01 अप्रैल को कयामपुर मोड़ पर महिला से पर्स छीना गया
10 अप्रैल को रामघाट रोड पर महिला से जंजीर लूटी गई
28 अप्रैल को स्टेडियम के सामने महिला से लूटपाट की
14 मई को मानसरोवर कॉलोनी में महिला से पर्स छीना
14 मई को राज मंदिर रामघाट रोड से महिला से जंजीर लूटी
26 मई को स्वर्ण जयंती नगर में एक युवक से मोबाइल लूटा
31 मई को रामबाग तिराहे के पास युवक से मोबाइल लूटा
10 जून को पानी की टंकी जनकपुरी महिला से लूटपाट
11 जून को साकेत विहार में स्कूटी से 60 हजार निकाले
जून में राज्य कर्मचारी कॉलोनी पर महिला से 13 हजार लूटे
जून में मैरिस रोड पर सिविल लाइंस में महिला से जंजीर लूट
ये है दोनों का आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकार्ड के अनुसार हनी उर्फ नितिन पंजाबी अकेले क्वार्सी थाने में हमला, हमलाकर लूट, लूट, छिनैती, एनडीपीएस आदि के 17 मुकदमे दर्ज हैं। जिनमें 9 मुकदमे लूट/छिनैती के हैं। इसके अलावा सिविल लाइंस में 3 मुकदमे दर्ज हैं। इस तरह हनी पर कुल 20 मुकदमे हैं। इसी तरह इकबाल पर क्वार्सी में कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं जिनमें लूट व चोरी के आठ मुकदमे हैं।
फरवरी में छूटते ही हो गया था फिर सक्रिय
पुलिस के अनुसार मैरिस रोड पर क्वार्सी इलाके में 12 सितंबर की सुबह अफगानिस्तान के काबुल की रहने वाली युवती हिलामे अब्दुल जौहर से पर्स लूट में नितिन को 16 सितंबर को क्वार्सी पुलिस ने ही गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद वह फरवरी माह में जेल से छूटा और छूटते ही सक्रिय हो गया था। इसके बाद लगातार वह घटनाएं कर रहा था। खुद क्वार्सी पुलिस स्वीकार रही है कि हनी के पकड़े जाने पर उनके थाने की मात्र तीन घटनाएं अनवर्काउट रह गई हैं। बाकी सभी खुद हनी ने स्वीकार ली हैं।
यह रही गिरफ्तारी टीम
इस ऑपरेशन में इंस्पेक्टर संजीव कुमार, एसआई राजीव कुमार, एसआई धर्मेंद्र सिंह, विनीत कुमार, सिपाही प्रवीण, किशनवीर व अखिल कुमार शामिल रहे।