क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
क्वार्सी पुलिस की हिरासत से रविवार देर रात फरार हुआ 20 हजार का इनामी कुख्यात झपटमार लुटेरा हनी उर्फ नितिन पंजाबी ढाई घंटे बाद ही एसबीआई तिराहे से मुठभेड़ में दबोच लिया गया। इस दौरान पैर में गोली लगने से वह जख्मी हो गया और आनन-फानन पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इस सूचना पर एसपी सिटी सहित आला अधिकारी जिला अस्पताल पहुंच गए।
इधर, पुलिस ने देर शाम हनी सहित एक अन्य लुटेरा भी गिरफ्तार किया था। दोनों ने सिविल लाइंस व क्वार्सी में लूट, छिनैती की कई घटनाएं कुबूली हैं और सोमवार दोपहर डॉक्टरी सलाह के बाद हनी व उसके साथी को जेल भेज दिया गया।
इंस्पेक्टर क्वार्सी संजीव दुबे के अनुसार विक्रम कॉलोनी निवासी हनी उर्फ नितिन पंजाबी पुत्र चंद्रपाल पेशेवर झपटमार व बाइक चोर है। देर रात करीब नौ बजे पुलिस ने नगला पटवारी चौकी क्षेत्र के बरौली तिराहे से उसे इकबाल पुत्र शेरअली निवासी साईं गार्डन के पास धौर्रा माफी के साथ, तमंचे, नकदी, स्कूटी सहित गिरफ्तार किया था। थाने लाकर पूछताछ, मुकदमा, गिरफ्तारी आदि की औपचारिकताओं के बाद करीब 12 बजे थाने के ही दो सिपाही प्रवीन व रिंकू भाटी उन्हें हथकड़ी लगाकर दीनदयाल अस्पताल मेडिकल के लिए ले जा रहे थे। तभी दीनदयाल से चंद कदम पहले ब्रेकर पर उसने किसी तरह हथकड़ी से हाथ ढीला किया और बाइक से पीछे बैठे सिपाही को धकियाकर खुद भाग गया।
इस सूचना पर हरकत में आई क्वार्सी व सिविल लाइंस पुलिस ने उसकी घेराबंदी शुरू कर दी थी। घर के अलावा तमाम परिचित ठिकानों पर दबिश दी गई। इसी बीच रात करीब ढाई बजे मुखबिर की मदद से सूचना मिली कि उसे एसबीआई तिराहे के पास देखा गया है। इस सूचना पर पुलिस ने एसबीआई इलाके की घेराबंदी की और तभी पुलिस मुठभेड़ में उसे दबोच लिया गया। इस दौरान दाएं पैर में घुटने के पास गोली लगने से वह जख्मी हो गया। पुलिस टीम उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची। जहां एसपी सिटी, सीओ प्रथम, सीओ तृतीय आदि पहुंच गए। रात में उपचार के बाद दोपहर में नितिन व इकबाल को कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया गया।
नितिन पंजाबी और इकबाल अच्छे लुटेरे हैं। पिछले कुछ दिनों से दोनों साथ-साथ लूट व छिनैतियां कर रहे थे। क्वार्सी के सुदामापुरी में लूट व इसी माह के पहले सप्ताह में धर्मपुर कोर्टयार्ड के पास मैरिस रोड पर महिला से जंजीर लूट में भी इनके चेहरे प्रकाश में आए थे। इसी आधार पर मैरिस रोड वाली घटना में सिविल लाइंस पुलिस के मुकदमे में नितिन पर 20 हजार का इनाम घोषित किया था। फरार होने के चंद घंटे बाद नितिन पकड़ लिया गया। मुठभेड़ में वह जख्मी भी हुआ है। पुलिस टीम इसके लिए बधाई की पात्र है। - अजय कुमार साहनी, एसएसपी