क्राइम न्यूज, अमर उजाला अलीगढ़
महानगर के जंगलगढ़ी इलाके के शानू (25) की पिछले माह घर से बुला ले जाकर गाजियाबाद में हत्या कर दी गई। उसका शव गाजियाबाद के एक अस्पताल में मिला। परिजनों ने मोहल्ले के युवक पर हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं, गाजियाबाद व अलीगढ़ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने को लेकर आनाकानी कर रही हैं। तब से मृतक के परिजन लगातार टहल रहे हैं। अब एसएसपी दफ्तर में शिकायत दी है।
महानगर के जंगलगढ़ी निवासी असलम के पांच बेटियों में एक बेटा शानू था। पिता असलम के बीमार होने के चलते शानू ही रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। शानू की मां फरजाना ने बताया कि 17 सितंबर की सुबह छह बजे मोहल्ले के एक युवक ने हड्डी गोदाम पर गाड़ी से सामान उतारने को कहकर शानू को अपने साथ ले गया। काफी देर होने के बाद जब शानू नहीं आया, तो उसकी खोजबीन शुरू हो गई, लेकिन वह नहीं मिला। रात करीब आरोपी युवक के रिश्तेदारों ने फोन करके बताया कि गाजियाबाद में शानू की मौत हो गई है। रात करीब एक बजे शानू के रिश्तेदार गाजियाबाद के लिए रवाना हो गए।
18 सितंबर की सुबह 11.30 बजे गाजियाबाद की नंदग्राम चौकी पर परिजन पहुंच गए। शानू के बारे में परिजनों ने पूछा तो बताया कि उसका शव नरेंद्र मोहन हास्पिटल गाजियाबाद में है। पंचनामा करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शानू का शव अपने साथ अलीगढ़ ले आए। तभी से परिजन हत्या का मुकदमा दर्ज करने के लिए इधर से उधर टहल रहे हैं। मगर सुनवाई नहीं हो रही। अब फिर से एसएसपी कार्यालय में मां की ओर से तहरीर दी गई है।