क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
पीएम-सीएम के फोटो पर माल्यार्पण को लेकर फोटो पर आपित्तजनक टिप्पणी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी की मृत्यु पर आपत्तिजनक पोस्ट सोशल मीडिया पर करने पर एएमयू का एक छात्र फंस गया है। एक तरफ तो छात्र के खिलाफ सिविल लाइंस पुलिस ने अपनी ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं कुछ भाजपाइयों की ओर से भी तहरीर व साक्ष्य पुलिस को दिए गए हैं। पुलिस ने इस तहरीर व साक्ष्यों को इसी मुकदमे में शामिल करने का भरोसा दिया है।
एएमयू से एमबीए कर रहा उमर राना यहां एसएस नार्थ में रहकर पढ़ाई करता है। वह मूल रूप से मुजफ्फरनगर से बताया गया है। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस विनोद कुमार के अनुसार एएमयू छात्र ने पहले तो 15 अगस्त को पीएम व सीएम के खिलाफ एक मालायुक्त फोटो पर आपत्तिजनक पोस्ट की है।
वहीं 16 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री की मृत्यु के बाद उनको लेकर अयोध्या कांड से जोड़ते हुए आपत्तिजनक पोस्ट की है। यह तथ्य जब संज्ञान में आया और अध्ययन किया तो इन पोस्टों को भावनाएं आहत करने वाला और भेदभाव पैदा करने वाला माना गया।
इसके चलते खुद इंस्पेक्टर की ओर से उमर राना के खिलाफ विवादित पोस्ट करने संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। बाकी जो तहरीर व साक्ष्य मिले हैं, उन्हें इसी मुकदमे में शामिल किया जा रहा है।