क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
देहली गेट इलाके के एक बंद मकान से बुधवार रात चोरों ने 2.50 लाख रुपये पार कर दिए। चोर मकान के मुख्य दरवाजे को तोड़कर अंदर घुसे थे। मकान मालिक सहित उसका परिवार बेटे की तबियत खराब होने पर ससुराल में ठहरा हुआ था। गुरुवार को मकान का ताला टूटा देख पड़ोसियों ने घटना की जानकारी मकान मालिक को दी।
सिराज निवासी मकदूम नगर, देहली गेट के बेटे शानू की काफी दिनों तबियत खराब है। सिराज के अनुसार वह बुधवार को बेटे को लेकर पत्नी साजिदा के साथ उसके मायके जमालपुर, देहली गेट गया था। वहां रात अधिक होने पर वहीं ठहर गया। सुबह पड़ोसियों ने फोन करके घर का दरवाजा टूटा पड़ा होने की सूचना दी।
इस पर घर जाकर देखा तो घर का दरवाजा टूटा पड़ा था। अंदर कमरे में रखा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखी दो लाख के करीब की नकदी और पचास हजार के जेवर गायब थे। इस मामले में थाना देहली गेट पुलिस को अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।