क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के नगला देवी के एक दुकानदार के यहां बिजली चोरी के मामले में जुर्माना वसूलने पहुंची टीम से लूट का मामला सामने आया है। विद्युत विभाग के अमीनों का आरोप है कि दुकानदार ने पहले तो उनके साथ अभद्रता पूर्वक व्यवहार किया फिर अपने साथियों के साथ मिलकर दस हजार रुपये की रकम लूट ली। इस मामले में दुकानदार के खिलाफ थाना क्वार्सी में मुकदमा दर्ज किया गया है।
विद्युत विभाग के अमीन रामकिशन ने बताया कि शुक्रवार को वह अपने साथी सहायक संग्रह अमीन प्रमोद कुमार उपाध्याय के साथ बिजली चोरी के आरोपी राकेश यादव पुत्र बच्चन सिंह निवासी नगला देवी, क्वार्सी के यहां जुर्माने की 24 हजार रुपये की रकम को वसूलने गए।
जब उससे जुर्माने की रकम को अदा करने की बात कही तो वह भड़क गया और अपने तीन साथियों को बुला लिया। इसके बाद उसने दोनों के साथ अभद्रता करते हुए गालीगलौच कर दी। विरोध करने पर मारपीट को उतारू हो गया। इस दौरान उसने एक अन्य स्थान से वसूली गई 10 हजार रुपये की जुर्माने की रकम लूट ली।
इस मामले में राकेश के खिलाफ थाना क्वार्सी पुलिस को तहरीर दी है। थाना क्वार्सी इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर राकेश के खिलाफ नामजद और उसके एक अज्ञात साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की धरपकड़ को कोशिश जारी है।