क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
ऑनलाइन ठगी करने वालों ने एएसपी/सीओ द्वितीय के हमराह के बेटे को ऑनलाइन ऑफर में महंगा स्मार्टफोन महज चार हजार रुपये में देने के नाम पर ठग लिया। डिलीवरी में उसे डिब्बे में बंद करके माता लक्ष्मी की एक प्रतिमा भेज दी। युवक ने इसकी शिकायत थाना सिविल लाइंस में की है।
अंशुल यादव पुत्र सतीश चंद्र रिजर्व पुलिस लाइन में रहता है। पिता सतीश चंद्र एएसपी नीरज जादौन के हमराह हैं। अंशुल के पास सोमवार को एक कॉल आया था।
कॉल करने वाले ने खुद को नामी मोबाइल कंपनी का प्रतिनिधि बताकर एक महंगा स्मार्ट फोन ऑनलाइन ऑफर के तहत महज चार हजार रुपये में देने की बात कही। इसके लिए उसने वेबसाइट के जरिये बुकिंग कराई और पैसा डिलीवरी के समय देने को कहा।
बुकिंग के दौरान अलीगढ़ हेड पोस्ट ऑफिस का पता बताया। मगर, कंपनी प्रतिनिधि ने चेतावनी दी कि उस ब्रांच में कई बार ग्राहकों का सामान बदला जा चुका है। इस पर क्वार्सी पोस्ट ऑफिस मोबाइल डिलीवर करने की बात कही।
आज शनिवार को मोबाइल पर जानकारी मिली की हेड पोस्ट ऑफिस में ही मोबाइल आया है। वहां मोबाइल लेने पहुंचा तो काउंटर नंबर 23 पर बैठे कर्मचारी ने डिब्बे की पैकिंग बिना पैसे दिए न खोलने की बात कही।
इस पर चार हजार रुपये चुका दिए। बाद में डिब्बा खोलकर देखा तो उसमें मोबाइल के स्थान पर माता लक्ष्मी की एक पीतल की छोटी सी प्रतिमा निकली। इस पर डाक कर्मी ने मोबाइल भेजने वाली कंपनी से शिकायत को कहा।
कंपनी के प्रतिनिधि ने मामले की जांच कराने की बात कहकर फोन काट दिया। इस पर थाना सिविल लाइंस पुलिस को तहरीर दी है। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस के अनुसार जांच की जा रही है।
डाक विभाग की कार्यवाही नियमानुसार हुई है। इस मामले में फिलहाल विभाग को शिकायत नहीं मिली है।
- जीएन प्रसाद, वरिष्ठ डाक अधीक्षक