क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला मानिक चौक में रिश्तेदारी में आए एक वृद्ध ने स्वयं को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना के पीछे गृह क्लेश की बात कही जा रही है।
इगलास के गांव कोछोड़ निवासी किसान हरीशंकर (70) अपनी पत्नी शारदा के साथ मानिकचौक में रहने वाली अपनी साली दमयंती के यहां पर चार दिन पहले आया था।
सोमवार की देर शाम शारदा और दमयंती दवा लेने बाजार चली गईं। वापस आई तो देखा हरीशंकर फंदे से लटका है। यह देखकर दोनों की चीख निकल गई।
आसपास के लोग इकट्ठा हुए और हरीशंकर को फंदे से उतारा लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।