न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
दो मई को हुए एएमयू में बवाल मामले में चल रही मजिस्ट्रेटी जांच के अंतिम दिन एएमयू के कुछ छात्रों ने जांच अधिकारी एवं एडीएम वित्त एवं राजस्व से मुलाकात कर अपने लिखित बयान दर्ज कराये।
इस तरह अब तक इस मामले में बयान दर्ज कराने वालों की संख्या एक दर्जन हो गई है। दो मई को जिन्ना की तस्वीर को लेकर हिंदूवादी संगठनों के नेताओं और एएमयू छात्रों के मध्य हुए बवाल मामले में गुरुवार तक छह लोगों ने लिखित में बयान दर्ज कराए थे।
जांच के अंतिम दिन कुछ एएमयू छात्रों समेत छह और लोगों ने अपने बयान दर्ज करा दिए हैं। जांच अधिकारी एवं एडीएम वित्त बच्चू सिंह ने बताया कि इन बयानों के अलावा इस प्रकरण को लेकर समाचार पत्राें में छपी खबरों की कटिंग भी मंगाई जा रही हैं।
अपने स्थानांतरण का जांच पर असर के मामले में उन्होंने कहा कि जांच पर कोई असर नहीं पड़ेगा। नए एडीएम वित्त आ रहे हैं वह जांच को आगे बढ़ाएंगे। अब तक दर्ज कराये गए बयानों के बाद कोई निष्कर्ष नहीं निकला है। बताते चलें कि वर्तमान एडीएम वित्त एवं राजस्व बच्चू सिंह का शाहजहांपुर स्थानांतरण हो गया है।