क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
आंबेडकर जयंती पर शोभायात्रा के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाहाबाद पीएसी से आए हेड कांस्टेबल की गांधी पार्क थाने के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
उदय चंद्र यादव (52) पुत्र बबलू सिंह यादव जिला बांदा के थाना पिनवारी के गांव गोबरई के रहने वाले थे। उनकी तैनाती इलाहाबाद पीएसी चार बटालियन में थी।
गुरुवार को वह अलीगढ़ में निकाली जाने वाली आंबेडकर शोभायात्रा में व्यवस्था के लिए आए थे। वह गांधी पार्क थाने के पास एक मैरिज होम में फोर्स के साथ ठहरे थे। गुरुवार शाम को वह पीएसी रामघाट रोड मैस में खाना खाने के लिए आ रहे थे।
गांधी पार्क थाने के पास एक बाइक सवार उनसे टकरा गया जिससे वह जख्मी हो गए। घटना के बाद बाइक सवार बाइक को मौके पर छोड़कर भाग गया, उदय चंद्र को घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
यहां पर शुक्रवार की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। इनके परिवार में एक बेटा और चार बेटियां हैं। उदय चंद्र को पुलिस लाइन में गारद की सलामी दी गई। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस मामले में थाना गांधी पार्क दरोगा जेसी यादव ने बाइक सवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी है।