महानगर की गांधीपार्क थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान लोकसभा चुनाव में प्रयोग के लिए दिल्ली से एटा की ओर ले जाई जा रही बीस लाख रुपये कीमत की 200 पेटी हरियाणा मार्का शराब पकड़ी है। इस दौरान मेटाडोर चालक मेटाडोर छोड़कर भाग जाने में सफल रहा। अब पुलिस मेटाडोर नंबर के आधार पर उसके मालिक व चालक आदि तक पहुंचने को प्रयासरत है। इसके आधार पर पता चलेगा कि माल किसके लिए कहां पहुंच रहा था।
एसपी सिटी अभिषेक ने थाना गांधीपार्क में प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि 1 अप्रैल की सुबह इंस्पेक्टर गांधीपार्क धीरेन्द्र मोहन शर्मा बौनेर तिराहा हाईवे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर दिल्ली की तरफ से आ रही टाटा 407 यूपी-64 टी 3986 के ड्राइवर को चेकिंग के लिए रोका तो चालक गाड़ी से उतरकर भाग गया। इसके बाद जब गाड़ी को चेक किया तो उसमें 200 पेटी करीब 1800 लीटर हरियाणा शराब अंग्रेजी रायल स्टेग व डबल ब्लू ब्रांड बरामद हुई।
यह शराब दिल्ली की ओर से एटा की ओर तस्करी के लिए ले जाई जा रही थी। बाजार में इस मामल की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने माल जब्त कर गाड़ी नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मौके पर सीओ संजीव दीक्षित भी मौजूद रहे।
महानगर की बन्नादेवी पुलिस ने एक किलो चरस व सात किलो गांजे के साथ दो मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले दो अपराधी गिरफ्तार किए हैं। गांधीपार्क में ही प्रेसवार्ता में एसपी सिटी ने बताया कि इंस्पेक्टर बन्नादेवी अरुणा राय ने सुबह दस बजे मुखबिर की सूचना पर सराय रहमान से दो व्यक्तियों को पकड़ा है, जिनमें महाराज सिंह निवासी कबाड़ी वाली गली तकिया गोविंद नगर कोतवाली व कदीम निवासी बिस्मिल्लाह कॉलोनी क्वार्सी को पकड़ा है। इन दोनों से एक किलो चरस व साल किलो गांजा और तमंचा कारतूस आदि बरामद हुए। बरामद माल की कीमत डेढ़ लाख रुपये करीब बताई जा रही है। यह छोटे-छोटे पैकेट बनाकर बेचने की तैयारी में थे, तभी पकड़े गए।
अलीगढ़ के दो लोगों से चार लाख की अंग्रेजी शराब बरामद
सोमवार की शाम चंडौस पुलिस ने एक स्कार्पियो कार से चार लाख रुपये कीमत की अंग्रेजी शराब बरामद की है। 34 पेटियों में भरी यह शराब लोकसभा चुनाव में खपाने के लिए लाई जा रही थी। इस मामले में अलीगढ़ शहर के सासनी गेट और क्वार्सी निवासी दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। दोनों को शराब के साथ ही पुलिस ने पकड़ा है।
जानकारी के अनुसार चंडौस थाने के एसआई अमित कुमार व नीरज सिंह, सिपाही कपिल तोमर आदि अमृतपुर की पुलिया के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान वहां आई एक स्कार्पियो कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो कार चालक गाड़ी भगाने लगा। हालांकि सड़क के दोनों ओर गड्ढे होने से वह भाग नहीं सके। पुलिस ने गाड़ी को पकड़ लिया।
गाड़ी के अंदर 34 पेटी अंग्रेजी शराब (गैर प्रांत की) बरामद हुईं।
पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कीमत चार लाख रुपये है। चंडौस कोतवाल सीपी सिंह के अनुसार इस शराब को लोकसभा चुनाव में खपाने की योजना थी। पुलिस ने कार में शराब के साथ दर्शन शर्मा पुत्र चेतन शर्मा निवासी सासनी गेट अलीगढ़ और नरेंद्र शर्मा पुत्र के प्रसाद शर्मा निवासी कुलदीप विहार थाना क्वार्सी को पकड़ा गया है।
चंडौस कोतवाल के अनुसार यह शराब गभाना के पास एक हाईवे पर किसी को दी जानी थी, जिसके बाद एक गांव में पहुंचनी थी। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
500 ग्राम गांजा समेत पुलिस ने एक को पकड़ा
लोधा। लोधा थाना पुलिस ने हरदासपुर गांव के पास से एक व्यक्ति को घूम-घूमकर गांजा बेचते हुए पकड़ लिया। उसके पास से पुलिस ने 500 ग्राम गांजा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार छोटू पुत्र शौकत खां निवासी नीबरी थाना देहली गेट काफी समय से लोधा थाना क्षेत्र में गांजा की आपूर्ति कर रहा था।
सोमवार को मुखबिर के जरिए सूचना मिलने पर हरदासपुर गांव के पास से छोटू को पकड़ लिया गया है। एसओ लोधा प्रेमपाल सिंह के अनुसार आरोपी घूम घूमकर गांजा बेचता था। उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया है।