क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़।
विधि छात्रा एवं न्यायालय में प्रैक्टिस करने वाली एक महिला अधिवक्ता ने थाना जवा इंस्पेक्टर पर छेड़छाड़ और अभद्र बात करने का आरोप लगाया है। इस बात की शिकायत लेकर पीड़िता शुक्रवार को एसएसपी से मिलने पहुंची।
उसने शिकायत पत्र देकर कहा कि इंस्पेक्टर के पास एक दुष्कर्म मामले की जानकारी लेने गई थी। उस दौरान उसने छेड़छाड़ की। एसएसपी ने पीड़िता को मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पीड़िता अधिवक्ता ने बताया कि वह 13 नवंबर को थाना जवा इंस्पेक्टर से मिलने दुष्कर्म मामले की पीड़िता के साथ पहुंची थी। उस मामले में इंस्पेक्टर से जानकारी ली और एफआईआर दर्ज करने को कहा।
इस पर इंस्पेक्टर ने उसे एक साइड में बुलाया और अश्लील बातें करने लगा। शरीर को भी जबरन छूने लगा। विरोध करने पर धमकी दी कि वह इस बात की किसी से शिकायत की तो झूठे मुकदमे में फंसा दूंगा।
साथ ही कहा कि आला अधिकारी भी उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकते। रिश्तेदार मंत्री है। पीड़ित अधिवक्ता की शिकायत सुन एसएसपी ने मामले की जांच का आश्वासन देते हुए कहा कि दोषी पर कार्रवाई अवश्य की जाएगी।