क्राइम न्यूज, अमर उजाला, अलीगढ़
महानगर के क्वार्सी क्षेत्र के नगला तिकोना के धनीपुर मंडी के सब्जी आढ़ती परिवार में शुक्रवार देर रात गर्भवती विवाहिता की ससुराल में पीट-पीटकर हत्या का आरोप है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी चोटों के निशान होने के कारण विवाहिता संग मारपीट की पुष्टि हो रही है। जिसके आधार पर थाने में पति आदि को नामजद कर तहरीर दे दी गई है।
मगर अभी पुलिस जांच की बात कह रही है।
वाकये के अनुसार अतरौली के गांव ककेथल के सत्यप्रकाश की बेटी 23 वर्षीय पूनम की शादी ढाई साल पहले नगला तिकोना के सब्जी आढ़ती रवेंद्र सिंह संग हुई थी। दंपती पर बेटा लवकुश है और महिला गर्भवती थी। आरोप है कि पूनम का भाई शुक्रवार दोपहर में ही यहां घूमकर गया था। तब तक सब कुछ ठीक था। मगर देर रात उसके मायके में पूनम की मौत की खबर पहुंची। खबर पर आए मायके वालों को पता चला कि बीमारी के नाम पर उेसे रामघाट रोड के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मायके पक्ष ने इस मामले में पुलिस को दहेज के लिए प्रताड़ित करने व मारने की सूचना दे दी। इस पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इधर, शनिवार को पोस्टमार्टम में मौत का कारण पीटने से मौत होना आया है। उसके शरीर पर चोटों के निशान हैं। वहीं पिता ने रवेंद्र सहित पांच ससुरालियों के खिलाफ तहरीर दी है। इंस्पेक्टर क्वार्सी के अनुसार मामले में तहरीर मिल गई है। जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।