क्राइम डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
महानगर के रामघाट रोड से एक किशोर के बहला फुसलाकर अपहरण कर ले जाने का मामला सामने आया है। किशोर शनिवार सुबह घर से स्टेडियम जाने को निकला था। इसके बाद से घर नहीं लौटा।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात में अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस किशोर के दोस्तों से उसके संबंध में पूछताछ को जुटी है। हालांकि परिजनों ने किसी पर अपहरण की आशंका से इंकार किया है।
जितेंद्र सिंह निवासी मधुवन कालोनी, रामघाट रोड, क्वार्सी पेशे से किसान हैं। जितेंद्र ने बताया कि 29 दिसंबर की सुबह 16 वर्षीय बेटा अभय चौधरी घर से महारानी अहिल्याबाई होल्कर स्टेडियम में फुटबाल खेलने के लिए घर से पैदल निकला था।
इसके बाद दोपहर बाद तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की। स्टेडियम जाकर भी पूछताछ की साथ ही उसके अन्य दोस्तों से भी जानकारी ली मगर उसके संबंध में कोई सुराग नहीं लग सका।
बेटे के गुम होने की शिकायत थाना क्वार्सी पुलिस से की है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ बहला फुसलाकर अपहरण कर ले जाने का मामला दर्ज किया है।
थाना क्वार्सी इंस्पेक्टर एसके सिंह के मुताबिक किशोर के संबंध उसके दोस्तों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही उसके घर से लेकर स्टेडियम तक के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल इस मामले में फिरौती की मांग को कोई फोन नहीं आया है।